कोढ़ा हादसा
पूर्णिया. कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड के निकट एनएच-31 पर बस और पिकअप वैन के बीच हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. इस हादसे में पूर्णिया पूर्व प्रखंड के गौरा पंचायत स्थित सुहवा संथाली टोला सहित मझुआ, डिमिया पंचायत और अन्य क्षेत्रों के लोगों की असामयिक मृत्यु ने सभी को झकझोर दिया है. घटना शनिवार संध्या फुलवरिया के समीप हुई, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं.घटना की जानकारी मिलते ही सांसद प्रतिनिधि बबलू भगत एवं सांसद प्रवक्ता राजेश यादव प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और सुहवा संथाली टोला जाकर दिवंगतों के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और इसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना हमारा कर्तव्य है.