ऑटो से उतरते ही पीछे आ रही दूसरी ऑटो की टक्कर से अधेड़ की मौत, पुलिस के समक्ष उग्र भीड़ का फूूटा गुस्सा
कसबा थाना क्षेत्र के गढ़बनैली ऑटो स्टैंड के पास मंगलवार को तेज रफ्तार अज्ञात ऑटो की टक्कर से 50 वर्षीय शंकर विश्वास की मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा तथा उन्होंने अस्पताल परिसर में पुलिस के सामने हंगामा किया. लोगों ने ऑटो स्टैंड हटाने और दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग की.
कसबा. कसबा थानाक्षेत्र के गढ़बनैली ऑटो स्टैंड के पास मंगलवार को अज्ञात ऑटो की ठोकर से 50 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों के मदद से उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसबा लाया गया. जहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल परिसर में ही पुलिस के सामने हंगामा
घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने अस्पताल परिसर में ही पुलिस के सामने गढ़बनैली ऑटो स्टैंड को हटाने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे. आक्रोशित लोगों ने कहा कि गढ़बनैली के बीच चौक पर ऑटो चालक सड़क को घर कर जाम लगा कर रखते है. जिससे आए दिन सड़क दुर्घटना होती रहती है. साथ ही भीड़ भाड़ वाले इलाके में भी ऑटो चालक तेज रफ्तार से अपनी ऑटो चलाते है. परिजनों की मांग थी कि अज्ञात ऑटो की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए. प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष सह मलहरिया पंचायत के मुखिया रतेश आनंद, राजस्व अधिकारी हफीजुर्रहमान एवं थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन के समझाने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया.
डगरूआ के हराही गांव निवासी था शंकर विश्वास
घटना के शिकार मृतक व्यक्ति की पहचान डगरूआ थाना क्षेत्र के हराही गांव निवासी 50 वर्षीय शंकर विश्वास के रूप में हुई है. मृतक शंकर विश्वास कसबा के दुर्गापुर स्थित अपनी बहन सावित्री देवी के घर आया हुआ था. मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसबा से इलाज के बाद ऑटो पर सवार हो कर वापस अपनी बहन के घर दुर्गापुर जा रहे थे. जैसे ही वे गढ़बनैली स्थित ऑटो स्टैंड पर ऑटो से उतरे इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें जबरदस्त ठोकर मार दी. जिससे वह गंभीर रूप घायल हो कर सड़क पर गिर गये. वहीं घटना के बाद ऑटो चालक ऑटो सहित भागने में सफल रहा. शंकर विश्वास जख्मी हालत में सड़क पर काफी देर तड़पते रहे. घटना के कुछ देर बाद स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसबा लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं घटना को लेकर कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है. जबकि दुर्घटना को अंजाम देने वाले ऑटो एवं ऑटो चालक की पहचान की जा रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.