मंत्री लेशी सिंह ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से की शिष्टाचार मुलाकात
पूर्णिया. बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने कहा है कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के व्यक्तित्व में भारत के एक आम नागरिक की मूल भावना की झलक मिलती है. साधारण में ही उनका पूरा व्यक्तित्व असाधारण है. उनसे मिल कर गर्व तो हुआ ही, साथ-साथ सुखद अनुभूति भी हुई जो अविस्मरणीय है. दरअसल, उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने बुधवार को राजभवन पटना में भारत के राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात की. उनके साथ मंत्री श्रीमती सिंह की सुपुत्री केमी कुमारी एवं भावी दामाद आदर्श कुमार भी मौजूद थे. मंत्री लेशी सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी सुपुत्री केमी कुमारी एवं भावी दामाद आदर्श कुमार को सगाई पश्चात शादी की अग्रिम बधाई देते हुए दोनों के सफल सुखद दाम्पत्य जीवन के लिए आशीर्वाद भी दिया. मंत्री श्रीमती सिंह ने बताया कि ये मेरे परिवार और खासकर मेरे लिए भावुक क्षण था. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का साधारण परिवार की बेटी-दामाद को राजभवन में मिलकर आर्शीवाद देना गर्व का विषय है. मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सदैव इस असीम प्रेम स्नेह के लिए ऋणी रहूंगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
