आज का दर्शन: पूर्णिया के भट्ठा हाट में आस्था का प्रमुख केंद्र है मां लक्ष्मी का मंदिर

पूर्णिया के भट्ठा हाट में स्थित मां लक्ष्मी का मंदिर दशकों से आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. यह मंदिर स्थानीय कारोबारियों के लिए विशेष महत्व रखता है, जो मानते हैं कि मां की कृपा से उनका व्यवसाय फलता-फूलता है.

पूर्णिया : शहर के हृदय कहे जाने वाले भट्ठा हाट में स्थित मां लक्ष्मी का मंदिर कारोबारियों और शहरवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है. आसपास कारोबार करने वाले कई लोगों की मान्यता है कि मां लक्ष्मी की कृपा से उनका कारोबार फल-फूल रहा है. यही वजह है कि कई कारोबारी दुकान पहुंचने के बाद पहले मंदिर में माथा टेकते हैं और फिर अपने दिन का कारोबार शुरू करते हैं.

बाजार की खुशहाली से जोड़ते हैं मां लक्ष्मी का आशीर्वाद

धन, सुख और समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी के इस मंदिर के प्रति लोगों में गहरी श्रद्धा है. स्थानीय कारोबारियों और आसपास रहने वाले लोगों का मानना है कि मंदिर और मां लक्ष्मी की कृपा का संबंध भट्ठा हाट के कारोबार और विकास से भी है.

श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्चे मन से मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करने से घर-परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है. मंदिर में दर्शन से लोगों को सकारात्मक ऊर्जा और मनोबल मिलने की भी बात कही जाती है.

लक्ष्मी पूजा के दौरान सजता है आस्था का संसार

हर साल मंदिर में लक्ष्मी पूजा का विशेष आयोजन किया जाता है. इसमें स्थानीय कारोबारियों के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं. लगातार पांच दिनों तक चलने वाले पूजनोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में विशेष रौनक रहती है.

लक्ष्मी पूजा के अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जाता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां लक्ष्मी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

करीब छह दशक पुराना है मंदिर का इतिहास

स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार भट्ठा हाट स्थित लक्ष्मी मंदिर की स्थापना 1958 के आसपास हुई थी. शुरुआत में मंदिर छोटा और कच्चा था, लेकिन समय के साथ इसका विस्तार किया गया.

मंदिर के अध्यक्ष बमबम साह महेंद्र साह, गोल्डन शर्मा, नीरज गुप्ता समेत अन्य सदस्यों और स्थानीय कारोबारियों के सहयोग से हर वर्ष पूजनोत्सव का आयोजन कराते हैं.

स्थानीय लोगों के अनुसार जिन प्रबुद्ध लोगों ने यहां लक्ष्मी पूजा की परंपरा शुरू की थी, उनमें से कई अब नहीं रहे, लेकिन उनके द्वारा शुरू की गयी पूजा आज भी लगातार जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अखिलेश चंद्रा

अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >