केंद्रीय विद्यालय का जल्द होगा अपना भवन, जिला मुख्यालय से दो किमी की परिधि में जमीन की तलाश

जमीन तलाशने की प्रक्रिया में आयी तेजी

नये डीएम की पहल पर जमीन तलाशने की प्रक्रिया में आयी तेजी

पूर्णिया. केंद्रीय विद्यालय का जल्द अपना भवन होगा. इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर जमीन की तलाश की जा रही है. डीएम अंशुल कुमार की पहल पर इसमें तेजी आयी है. इसी कड़ी में गुरूवार को डीपीओ एमडीएम तथा पूर्णिया पूर्व के अंचालधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से केंद्रीय विद्यालय पूर्णिया के भवन निर्माण के लिए भूमि का स्थल जांच किया गया. सेंट्रल स्कूल के भवन के लिए जिला मुख्यालय से करीब दो किलो मीटर की परिधि में कम से कम 5 एकड़ जमीन होनी चाहिए. इसके लिए प्रशासन द्वारा शहर में तीन जगह स्थल निरीक्षण किया गया है. इसमे प्रमंडलीय कार्यालय के नजदीक शिक्षा विभाग के सरकारी आवास से सटे जमीन, दूसरा रामबाग फातिमा हॉस्पीटल रोड और तीसरा जीएमसीएच के पीछे जमीन की पहचान की गयी है. स्थल निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने डीएम को इन तीनों जमीन का प्रस्ताव दिया है. गौरतलब है कि करीब 20 साल पुराना होने के बावजूद भी पूर्णिया केंद्रीय विद्यालय को अपना भवन नसीब नहीं हो पाया है. वर्तमान में यह स्कूल पूर्णिया एयरफोर्स स्टेशन परिसर में चल रहा है. इसकी स्थापना 2005 में हुई थी. तब से लेकर अभीतक विभिन्न स्तरों पर जमीन को लेकर कई बार पत्राचार किये गये लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला. पिछले साल प्रगति यात्रा के दौरान धमदाहा की विधायक व बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह की आग्रह पर सीएम नीतीश कुमार ने केंद्रीय विद्यालय को आवंटित होनेवाली जमीन का निबंधन शुल्क माफ करने की घोषणा की थी. नये डीएम अंशुल कुमार के संज्ञान में जब यह मसला सामने लाया गया तो उन्होने अधिकारियों को तुरंत इस दिशा में कदम उठाने का निर्देश दिया. हाल ही में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर पूर्णिया सेंट्रल स्कूल के लिए जमीन आवंटित कर भवन निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का आग्रह किया था ताकि बच्चों को पढ़ाई में सहूलियत हो सके.

अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के लिए भी भूमि की तलाश

पूर्णिया. जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जिले में चल रहे महत्वपूर्ण संरचनाओं के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्थल जांच करने का निर्देश दिया गया है. इसी क्रम में के.नगर प्रखंड के पोठिया रामपुर पंचायत में अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी के.नगर द्वारा संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया गया. इसी क्रम में के.नगर प्रखंड के जगनी पंचायत में खेल मैदान के लिए भूमि चिन्हित करने के लिए स्थल निरीक्षण किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >