मां की डांट के बाद लापता इंटर छात्रा का पोखर में मिला शव, संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी

चंपानगर में एक इंटर छात्रा निर्जला कुमारी की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. मां की डांट के बाद लापता हुई छात्रा का शव गंगा सागर तालाब के पास पोखर में मिला. पुलिस जांच में जुटी है.

Purnea News: पूर्णिया. चंपानगर थाना क्षेत्र में इंटर की छात्रा निर्जला कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. सोमवार सुबह उसका शव गंगा सागर तालाब बांध के समीप स्थित पोखर में उपलाता मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए.

मां की डांट के बाद घर से हुई थी लापता

मृतका की पहचान नगर पंचायत चंपानगर वार्ड संख्या-02 निवासी बबलू ठाकुर की 18 वर्षीय पुत्री निर्जला कुमारी के रूप में हुई है. वह उच्च माध्यमिक विद्यालय प्राणपट्टी में इंटरमीडिएट की छात्रा थी. परिजनों के अनुसार शनिवार को किसी बात को लेकर मां संजू देवी ने उसे डांट दिया था. इसके बाद रविवार दोपहर करीब तीन बजे वह घर से बिना किसी को बताए निकल गई और वापस नहीं लौटी.

रातभर खोजबीन के बाद सुबह मिला शव

परिजनों ने रविवार रातभर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. सोमवार सुबह घर से लगभग पांच किलोमीटर पूर्व गंगा सागर तालाब के पास स्थित पोखर में उसका शव मिलने की सूचना मिली. शव मिलने के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही चंपानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

Purnea News: सदर-टू डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी. वहीं चंपानगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार दास ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >