आईएमडी की ओर से जिले में गुरुवार को बिजली कड़कने के साथ तेज हवा और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है पर आसमान से बारिश की बजाय आग बरस रही है. बारिश की बौछारों की संभावनाओं के बीच सुबह आठ बजे के बाद से ही धूप के तेवर तल्ख दिख रहे हैं. वैसे, मौसम का यह खेल देख लोग हैरान हैं. कभी चिलचिलाती धूप शरीर को झुलसाती है तो कभी अचानक चलने वाली ठंडी पुरवैया राहत देने लगती है. पूर्णिया के मौसम पूर्वानुमान इंडेक्स की मानें तो जिले में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे जबकि एक या दो बार हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इंडेक्स में चित्र द्वारा भी इसका संकेत दिया गया है पर यहां मौसम कुछ अलग तेवर दिखा रहा है. आईएमडी की ओर से भी बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है और ठनका गिरने की भी चेतावनी जारी करते हुए 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जतायी गई है.