भवानीपुर. प्रखंड के सोनमा पंचायत में शुक्रवार को नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन को औपचारिक रूप से पंचायत को समर्पित कर दिया गया. भवन के शुरू होने से अब पंचायतवासियों को कई जरूरी सरकारी सेवाएं गांव स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी. इससे लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. कार्यक्रम के दौरान प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी रूपेश कुमार ने बताया कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण पंचायत सरकार भवन निर्माण विभाग ने कराया है. उन्होंने भवन की चाबी पंचायत की मुखिया कविता देवी को सौंपते हुए कहा कि यह भवन ग्रामीण प्रशासन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि अब पंचायत स्तर पर ही जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यों की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा राजस्व कर्मचारी द्वारा जमीन की रसीद काटने की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे किसानों और आम लोगों को काफी राहत मिलेगी. बीपीआरओ रूपेश कुमार ने बताया कि पंचायत सरकार भवन केवल सरकारी कागजी कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह ग्रामीण समस्याओं के समाधान का भी केंद्र बनेगा. स्थानीय स्तर पर छोटे-मोटे विवादों के निपटारे की प्रक्रिया भी यहां संचालित की जाएगी. निर्धारित तिथियों पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भवन में बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर समाधान का प्रयास करेंगे. पंचायत सरकार भवन के उद्घाटन एवं समर्पण को लेकर पंचायतवासियों में उत्साह देखा गया. ग्रामीणों ने इसे गांव के विकास और प्रशासनिक सुविधा की दिशा में अहम पहल बताया. ग्रामीणों का कहना है कि अब समय और पैसे दोनों की बचत होगी तथा सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक पारदर्शिता और आसानी से मिल सकेगा.
सोनमा में पंचायत सरकार भवन का लोकार्पण, अब गांव में ही मिलेंगी कई सरकारी सुविधाएं
अब गांव में ही मिलेंगी कई सरकारी सुविधाएं
