Purnia, गुलाबबाग में बाइक सवार उचक्कों ने महिला के गले से सोने की चेन छीनी
Copied link
पीड़ित महिला वट सावित्री की पूजा कर टोटो से लौट घर के सामने उतर रही थी. इसी दौरान यह वारदात हो गयी. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में बाइक का नंबर. सामने आया. पुलिस छानबीन कर रही है.
पूर्णिया से अखिलेश चंद्रा की रिपोर्ट,
पूर्णिया शहर के गुलाबबाग स्थित शास्त्रीनगर मुहल्ले में बाइक पर सवार उचक्के एक महिला के गले की चेन झपट कर फरार हो गये. महिला के गले की चेन लगभग 12 ग्राम सोने की बनी थी. यह वाकया शनिवार को सुबह पौने 9 बजे तब हुआ जब विजय कुमार साह की पत्नी किरण देवी वट सावित्री की पूजा घर टोटो से घर लौट कर घर के सामने उतर रही थी. पीड़िता किरण देवी ने बताया कि शनिवार को वह वट सावित्री पूजा करने के लिए घर से लौहापट्टी चौक वजरंगबली मंदिर गयी थी और पूजा करने के बाद टोटो से घर लौटी. घर के गेट के सामने जैसे ही उतर कर टोटो वाले को पैसे दे रही थी,बाइक पर सवार दो उचक्के बगल से चेन छीनते हुए भाग निकले. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले तो उचक्कों के पीछे कई लोग दौड़े पर उसके निकल जाने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखा गया और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई. इस बाबत सदर थाना में दिये आवेदन में सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए कहा गया कि उचक्के ब्लू कलर की अपाची बाइक पर सवार थे जिसका नंबर डब्लूबी 40 ए एक्स 9824 दिख रहा था. बताया गया कि चालक हेलमेट पहना हुआ था जबकि पीछे वाला व्यक्ति माथे पर टोपी और कंधे पर लाल गमछा एवं पीठ में बैग लटकाए हुए था. पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है. इधर, भाजपा के जिला मंत्री एवं अधिवक्ता विजय मांझी ने इस घटना की निंदा की है और पुलिस अधिकारियों से शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.