कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना साबित हो रहा है मंहगा

4 से 11 फरवरी तक जिले में चलाया जा रहा है कैंसर सप्ताह

4 से 11 फरवरी तक जिले में चलाया जा रहा है कैंसर सप्ताह

पूर्णिया. जिले में कैंसर मरीजों की बढती संख्या चिंताजनक है. राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल स्थित कैंसर विभाग के ओपीडी में प्रतिदिन संभावित कैंसर को लेकर की जानेवाली स्क्रीनिंग में भी लगातार इसके गंभीर लक्षणों वाले मरीज मिल रहे हैं जिनमें ओरल कैंसर के मामले 50 प्रतिशत से ज्यादा हैं. विभाग के चिकित्सकों की माने तो अमूमन आम लोगों द्वारा इसके आरंभिक लक्षणों को नजरअंदाज कर दिया जाता है जिससे बाद के दिनों में यह मामला बेहद गंभीर हो जाता है. जबकि शुरुआत में स्क्रीनिंग के जरिये कैंसर की संभावना की जानकारी होते ही इस रोग से बचा जा सकता है. इसके अलावा महिलाओं में ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर के गंभीर परिणाम की मुख्य वजह महिलाओं द्वारा इसके संकेतों को अनदेखा किया जाना मुख्य रूप से शामिल है. इसी के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 4 फरवरी से 11 फरवरी तक कैंसर सप्ताह के तहत प्रखंड स्तर पर सभी स्वास्थ्य सुविधा केन्द्रों में कैम्प का आयोजन कर स्थानीय कैंसर संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग एवं जन जागरूकता कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है.

तीन प्रखंडों में चल रहा है व्यापक अभियान

स्वास्थ्य विभाग के गैर संचारी रोग विभाग द्वारा जिले के तीन प्रखंडों को मुख्य रूप से टार्गेट करते हुए वहां व्यापक स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है. इन प्रखंडों में बायसी, श्रीनगर एवं बी कोठी शामिल हैं. जीएमसीएच स्थित कैंसर विभाग के चिकित्सक डॉ. अनिकेत तोमर एवं डॉ. श्रुति सागर ने बताया कि हाल ही में जिले में नीति आयोग की बैठक में चयनित दो प्रखंडों बायसी और श्रीनगर पर विशेष फोकस किया गया है. जहां कैंसर स्क्रीनिंग के साथ साथ कैंसर रोग से बचाव के बारे में भी आमलोगों को जागरूक किया जा रहा है.उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा सभी स्वास्थ्य सुविधा केन्द्रों पर प्रति प्रखंड प्रत्येक माह 16 कैम्पों का आयोजन किया जाना निर्धारित किया गया है.

बोले चिकित्सा पदाधिकारी

कैंसर को लेकर आमलोगों में जागरूकता बेहद जरुरी है ताकि इसके शुरूआती लक्षणों के आधार पर मरीज का इलाज संभव हो सके. मुंह में छाला, ठीक नहीं होने वाले घाव, मुंह का पूरा नहीं खुलना, महिलाओं में स्तन का बेडौल आकार उसमें गांठ अथवा गिल्टी, बच्चेदानी के मुंह में शिकायत, सफेद पानी का लगातार जाना आदि कैंसर के संभावित लक्षणों में गिने जाते हैं. ऐसे लक्षणों में जीएमसीएच के कैंसर विभाग में आकर जांच कराना चाहिए. स्क्रीनिंग के लिए मोबाइल नम्बर 9470076489 पर सम्पर्क किया जा सकता है.

डॉ. सुभाष कुमार, एनसीडी विभाग, जीएमसीएच

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATYENDRA SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >