Purnia Housing Workers Protest: बैसा (पूर्णिया). प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत कार्यरत आवास कर्मियों ने कई महीनों से मानदेय भुगतान लंबित रहने के विरोध में 12 एवं 13 अगस्त को जीरो ऑफिस डे के तहत काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया. इस दौरान राज्य ग्रामीण आवास कर्मी संघ, बिहार की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की गई.
कई महीनों से मानदेय भुगतान लंबित
आवास कर्मियों ने आवेदन में बताया कि वे लगातार प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों के आवास निर्माण से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं. लाभुकों के घरों का निरीक्षण, जियो टैगिंग और अन्य विभागीय कार्यों के लिए नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करना पड़ता है. इसके बावजूद कई महीनों से मानदेय का भुगतान लंबित है.
क्षेत्र भ्रमण के खर्च में भी परेशानी
कर्मियों का कहना है कि मानदेय लंबित रहने से उनके सामने गंभीर आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो गई हैं. क्षेत्र भ्रमण के दौरान आने-जाने के खर्च के साथ अन्य आवश्यक खर्चों की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो रहा है. उन्होंने विभाग से जल्द भुगतान की व्यवस्था करने की मांग की है.
बीडीओ को सौंपा आवेदन
राज्य ग्रामीण आवास कर्मी संघ की ओर से सौंपे गए आवेदन में लंबित मानदेय के भुगतान के लिए शीघ्र पहल करने का आग्रह किया गया है. कर्मियों ने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का लगातार निर्वहन कर रहे हैं, इसलिए समय पर मानदेय मिलना जरूरी है.
कई आवास कर्मियों ने जताया विरोध
Purnia Housing Workers Protest: आवेदन पर नागेंद्र कुमार सिंह, मो. उस्मान, मो. मोईनुद्दीन, जाकिया प्रवीण, मो. शमशाद आलम, प्रवीण कुमार साह, केशव कुमार, कुणाल किशोर, मो. नुरुल इस्लाम, मो. एहतेशाम आलम, अब्दुल कैय्युम सहित अन्य आवास कर्मियों के हस्ताक्षर हैं.
