पूर्णिया : पूर्णिया और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है. तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
सुबह के समय ठंडी हवा और साफ आसमान के कारण बारिश की संभावना कम नजर आ रही है, लेकिन मौसम पूर्वानुमान के अनुसार दिन चढ़ने के साथ आसमान में बादल छा सकते हैं. जिले में एक या एक से अधिक स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है.
धूल भरी आंधी भी चलने का अनुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बारिश के साथ तेज हवा और कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चल सकती है. इस दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों या कमजोर बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
पूर्णिया में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
बुधवार को पूर्वानुमान के उलट निकली तेज धूप
मौसम को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति भी बनी हुई है. बीते बुधवार को तेज बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन दिनभर तेज धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान किया था. ऐसे में शुक्रवार को भी मौसम कब करवट ले ले, इसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच लोगों को सलाह है कि मेघ गर्जन और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें.
