पूर्णिया में मंगलवार को मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ सकता है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने जिले में गरज-चमक के साथ अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. सुबह से हल्की बारिश का दौर जारी है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है.
दिनभर सक्रिय रहेगा बारिश का सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार पूर्णिया समेत सीमांचल के कई जिलों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. पिछले दो दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है और अब भारी बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं. विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को जिले के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है.
तेज हवा और वज्रपात की भी आशंका
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश के दौरान तेज हवा चल सकती है और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना है. अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट आने का भी अनुमान है.
मौसम विभाग की सलाह
अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें. घर से निकलें तो छाता या रेनकोट साथ रखें. वज्रपात के दौरान पेड़ों और खुले मैदानों में शरण न लें. जलजमाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें. मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें.
आज का मौसम रहेगा चुनौतीपूर्ण
विभागीय मौसम इंडेक्स के अनुसार मंगलवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है, क्योंकि भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
और पढ़ें : 26 महीने से मानदेय नहीं, नल-जल योजना के संचालकों का फूटा गुस्सा, दी आंदोलन की चेतावनी
