27 साल की परंपरा को बनाए रखने की तैयारी! पूर्णिया के गुलाबबाग में गणपति महोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट

पूर्णिया के गुलाबबाग में 27वें महागणपति महोत्सव की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। महोत्सव में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन समिति के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। मेले की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

पूर्णिया. शहर के गुलाबबाग में आयोजित होने वाले महागणपति महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई. इसमें भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और मेला संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. पूर्णिया सदर एसडीओ विग्नेश टी.ए. और एसडीपीओ अभिनव परासर ने आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया.

अतिरिक्त पुलिस बल और मजबूत बैरिकेडिंग की मांग

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ पप्पू पासवान ने पिछले वर्षों की तुलना में इस बार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और मजबूत बैरिकेडिंग की मांग रखी. उन्होंने महोत्सव के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की जरूरत बतायी.

एसडीओ विग्नेश टी.ए. ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने आयोजन के दौरान भीड़ नियंत्रण और आवागमन को सुचारू रखने के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिया.

27 वर्षों से हो रहा महागणपति महोत्सव

बैठक की शुरुआत आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी राजेश कुमार झा ने की. उन्होंने अधिकारियों को बताया कि गुलाबबाग में पिछले 27 वर्षों से सौहार्दपूर्ण माहौल में महागणपति महोत्सव का भव्य आयोजन होता आ रहा है.

उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान सामाजिक संगठनों और स्थानीय स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. कवि सम्मेलन और सामाजिक चेतना से जुड़ी झांकियां भी महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहती हैं.

मेला व्यवस्था को लेकर हुई चर्चा

बैठक में महोत्सव के दौरान लगने वाले मेले की व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. सदर थाना प्रभारी राजू कुमार और गुलाबबाग टीओपी प्रभारी सन्नी कुमार ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी.

आयोजन समिति के सदस्यों ने अधिकारियों को अपनी तैयारियों और व्यवस्थाओं से अवगत कराया तथा आयोजन के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों की जानकारी दी.

पार्किंग, दुकान और झूले की सुरक्षा पर जोर

आयोजन समिति के संरक्षक सह जिला परिषद उपाध्यक्ष नीरज कुमार उर्फ छोटू सिंह और संयोजक समाजसेवी जितेंद्र कुमार यादव ने पार्किंग जोन, दुकानों के आवंटन, झूलों की सुरक्षा समेत मेला व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की.

उन्होंने आयोजन के दौरान संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए पार्किंग तथा आवागमन की समुचित व्यवस्था की जरूरत बतायी. झूलों और अन्य मनोरंजन साधनों की सुरक्षा को लेकर भी सावधानी बरतने पर जोर दिया गया.

अधिकारियों ने मेला परिसर का किया निरीक्षण

बैठक के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन स्थल और संपूर्ण मेला परिसर का मुआयना किया. इस दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर स्थल की स्थिति का जायजा लिया गया.

आयोजन समिति के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

बैठक में संरक्षक नीरज कुमार उर्फ छोटू सिंह, संयोजक जितेंद्र कुमार यादव, अध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ पप्पू पासवान, उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, उपाध्यक्ष मुन्ना सिंह, मेला प्रभारी अनिल शर्मा, शंकर जायसवाल, बप्पन कर्मकार, विष्णु प्रसाद साह, कन्हैया चौधरी, मोनू मंडल, छोटा बिहारी, राकेश राय, अरविंद पासवान, अमित शर्मा, राधेश्याम गुप्ता, रवि गुप्ता, सन्नी, राजा शर्मा, आकाश शर्मा, संतोष जायसवाल, अजय गुप्ता, भरत पोद्दार सहित गुलाबबाग के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अखिलेश चंद्रा

अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >