पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट.
GMCH Purnia OPD : राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, पूर्णिया की ओपीडी में मंगलवार को मरीजों के लिए बड़ी राहत की व्यवस्था की गई है. आज आठ विभागों में कुल 12 डॉक्टर मरीजों की जांच और परामर्श के लिए मौजूद रहेंगे. भीड़ को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने रजिस्ट्रेशन और ओपीडी सेवाओं को दो पालियों में संचालित करने का निर्णय लिया है.
दो पालियों में चलेगी ओपीडी, मरीजों को नहीं होगी परेशानी
अस्पताल की ओपीडी सुबह और शाम दो शिफ्टों में संचालित होगी. पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली शाम 4 बजे से 6 बजे तक निर्धारित की गई है. मरीजों की सुविधा के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर भी दोनों पालियों में अलग-अलग समय पर खोला जाएगा, जिससे लंबी कतारों में लगने की परेशानी कम हो सके.
अस्पताल प्रशासन के अनुसार सुबह 8.30 से 1.30 बजे तक और शाम 3.30 से 5.30 बजे तक रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
किन विभागों में कौन डॉक्टर रहेंगे मौजूद
मेडिसिन विभाग में डॉ. पंकज मरीजों को परामर्श देंगे. गायनी विभाग में डॉ. प्रियंका और डॉ. नीतू मौजूद रहेंगी. सर्जरी विभाग में डॉ. गौरव की ड्यूटी लगाई गई है. ऑर्थोपेडिक में डॉ. डी.के. यादव मरीजों का इलाज करेंगे.
पीडियाट्रिक विभाग में डॉ. राजू कुमार, डॉ. राजेश कुमार और डॉ. आमिर मौजूद रहेंगे. स्किन विभाग में डॉ. पल्लवी सेवाएं देंगी. ईएनटी विभाग में डॉ. ज्योति और आंख विभाग में डॉ. प्रज्ञा प्रसून और डॉ. शीलमनी मरीजों की जांच करेंगी.
मरीजों को मिलेगा बेहतर परामर्श और जांच सुविधा
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ओपीडी में आने वाले मरीजों को आवश्यक जांच के बाद उचित परामर्श दिया जाएगा. डॉक्टरों की बढ़ी हुई मौजूदगी से मरीजों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और इलाज की प्रक्रिया अधिक सुचारू होगी.
मरीजों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन सतर्क
अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है. रजिस्ट्रेशन से लेकर परामर्श तक पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने का प्रयास किया जा रहा है ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
