GMCH Purnea OPD News:पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट. राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, पूर्णिया में शनिवार को बच्चों के इलाज को खास प्राथमिकता दी गयी है. अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी में शिशु रोग विभाग के चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी लगायी है ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चों का बेहतर इलाज हो सके.
रविवार को ओपीडी बंद रहने वाली है, ऐसे में शनिवार अभिभावकों के लिए अहम दिन माना जा रहा है. अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि अगर बच्चा अस्वस्थ है तो समय रहते विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श जरूर लें.
बच्चों की सेहत पर खास फोकस, अभिभावकों को बड़ी राहत
जीएमसीएच पूर्णिया में शनिवार को ओपीडी का माहौल बच्चों के इलाज के केंद्र में रहेगा. शिशु रोग विभाग में डॉ. अनिमेश कुमार, डॉ. शालिनी, डॉ. शादाब और डॉ. शकीब अहमद मरीजों को देखेंगे. एक साथ चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी से उम्मीद की जा रही है कि बच्चों के इलाज में अभिभावकों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बदलते मौसम में बच्चों में बुखार, सर्दी, खांसी और संक्रमण जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. ऐसे में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता मरीजों के लिए काफी मददगार साबित होगी.
रविवार को बंद रहेगी ओपीडी, इसलिए आज बढ़ सकती है भीड़
चूंकि रविवार को ओपीडी सेवा बंद रहेगी, इसलिए शनिवार को मरीजों की संख्या सामान्य दिनों से ज्यादा रहने की संभावना जतायी जा रही है. खासकर बच्चों के इलाज के लिए सुबह से ही अभिभावकों की भीड़ बढ़ सकती है. अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से समय पर पहुंचने की अपील की है ताकि रजिस्ट्रेशन और जांच प्रक्रिया में परेशानी न हो.
जानिए किस विभाग में कौन डॉक्टर देंगे सेवा
मेडिसिन विभाग में डॉ. पंकज मरीजों को देखेंगे. गायनी विभाग में डॉ. प्रेरणा प्रिया और डॉ. सुष्मिता सौरव की ड्यूटी रहेगी. सर्जरी विभाग में डॉ. गौरव मौजूद रहेंगे. वहीं स्किन विभाग में डॉ. जॉली, ईएनटी में डॉ. ज्योति और आंख विभाग में डॉ. सबा परवीन व डॉ. स्वाति कुमारी मरीजों का इलाज करेंगी.
अस्पताल की पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी जबकि दूसरी पाली शाम 4 बजे से 6 बजे तक संचालित होगी. रजिस्ट्रेशन सुबह 8:30 बजे से शुरू होगा.
