विशेष बिजली शिविर में पहुंचे 73 आवेदन, 20 का मौके पर हुआ निष्पादन

पूर्णिया में बिजली विभाग द्वारा आयोजित विशेष शिविर में 73 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 20 का मौके पर ही समाधान किया गया। उपभोक्ता 22 अगस्त तक लाभ उठा सकते हैं।

पूर्णिया : बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर बिजली बिल से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए विशेष शिविर लगाया गया. शिविर में विद्युत कार्यपालक अभियंता कार्यालय सहित अधीनस्थ अवर प्रमंडल कार्यालयों में कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें मीटर से संबंधित 21, विद्युत बिल से संबंधित 35 तथा नाम परिवर्तन एवं अन्य शिकायतों से संबंधित 17 आवेदन शामिल हैं.

20 शिकायतों का हुआ त्वरित निष्पादन

प्राप्त 73 आवेदनों में से 20 का त्वरित निष्पादन किया गया. वहीं 35 आवेदनों को संबंधित कनीय अभियंताओं के कार्यालय को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया. शेष आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने के लिए कार्रवाई की जा रही है.

सोलर योजना के लिए मिले नौ आवेदन

विशेष शिविर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर लगाने के लिए नौ नए आवेदन भी प्राप्त हुए. इन आवेदनों पर विक्रेता चयन और बैंक ऋण स्वीकृति के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.

22 अगस्त तक लगेगा विशेष शिविर

विद्युत विभाग की ओर से उपभोक्ताओं से 22 अगस्त तक प्रत्येक दिन सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होने वाले विशेष शिविर में अपनी शिकायत दर्ज कराने की अपील की गयी है. शिविर में मीटर रीडिंग, गलत बिजली बिल, बकाया राशि और बिल से संबंधित अन्य शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जायेगा.

यह विशेष शिविर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्णिया पश्चिमी एवं पूर्णिया पूर्वी कार्यालय के साथ अवर प्रमंडल पूर्णिया शहरी, केनगर, धमदाहा, बनमनखी, अमौर, पूर्णिया ग्रामीण और बायसी कार्यालय में आयोजित किया जायेगा.

यह भी पढ़ें : ब्रांडेड सिगरेट के नाम पर फर्जीवाड़ा, गुलाबबाग में नकली सिगरेट का जखीरा बरामद : 3 गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरुण कुमार

अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >