Purnia Murder News: पूर्णिया के बायसी थाना क्षेत्र के फुलभासा गांव में शराब के नशे में पति द्वारा पत्नी की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप सामने आया है. घटना के बाद आरोपी पति समेत ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. मृतका के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
फुलभासा में हुई घटना
जानकारी के अनुसार बायसी थाना क्षेत्र के फुलभासा गांव में बीती रात मुन्नी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान राजकुमार शर्मा की पत्नी मुन्नी देवी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया.
पति पर गला दबाकर हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शराब के नशे में पति ने मुन्नी देवी की गला दबाकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग घर छोड़कर फरार हो गए. हालांकि हत्या के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.
शराब की लत को लेकर अक्सर होता था विवाद
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि राजकुमार शर्मा को शराब पीने की आदत थी. इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी. परिजनों का कहना है कि घरेलू विवाद के बीच यह घटना हुई.
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं. मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है.
मायका भी बायसी थाना क्षेत्र में
मुन्नी देवी का मायका भी बायसी थाना क्षेत्र के बेरिया गांव में बताया गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने शुरू की जांच
Purnia Murder News: सूचना मिलने के बाद बायसी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया. बायसी थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
