प्रतिनिधि,अमौर. पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय परतिया में शुक्रवार को छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यालय की सभी छात्राओं के बीच गर्ल्स किट का वितरण किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है.उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि किट में उपलब्ध सामग्रियों का सही उपयोग कर वे न केवल खुद को स्वस्थ रख सकती हैं, बल्कि अपनी पढ़ाई पर भी बेहतर ध्यान केंद्रित कर सकती हैं.मौके पर मौजूद शिक्षिका अलका कुमारी ने छात्राओं को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी.उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में व्यक्तिगत साफ-सफाई रखना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है. किट वितरण के दौरान छात्राओं को बताया गया कि किस प्रकार स्वच्छता के छोटे-छोटे कदम उठाकर वे गंभीर बीमारियों से बच सकती हैं.इस वितरण कार्यक्रम में विद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मी भी उपस्थित रहे.किट पाकर छात्राओं के चेहरे पर खुशी देखी गई. शिक्षकों ने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह की पहल से छात्राओं में विद्यालय आने के प्रति रुचि बढ़ती है और उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है.मौके पर प्रधानाध्यापक अनिल कुमार शिक्षिका अलका कुमारी,वर्षा कुमारी ,सुमन कुमारी, शिक्षक मज़हरुल अली, ममनून आलम, रजनीश कुमार मौजूद थे.
उच्च माध्यमिक विद्यालय परतिया में छात्राओं के बीच गर्ल्स किट का वितरण
अमौर
