पूर्णिया : मधुबनी स्थित अमला टोला के प्रसिद्ध ठाकुरबाड़ी मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में पूर्णिया नगर निगम की उपमहापौर पल्लवी गुप्ता शामिल हुईं. उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण एवं लड्डू गोपाल का आशीर्वाद लिया. इस दौरान उन्होंने श्रद्धापूर्वक लड्डू गोपाल को झूला भी झुलाया.
नगरवासियों के लिए की सुख-समृद्धि की कामना
उपमहापौर ने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए पूर्णिया नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की.
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करने के साथ आध्यात्मिक चेतना को भी बढ़ाते हैं. ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत करने का काम करते हैं.
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने पर जोर
पल्लवी गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति लोगों को धर्म, सत्य, कर्तव्य और मानव सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है. धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नई पीढ़ी अपनी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ती है.
कार्यक्रम में मंदिर सचिव स्वर्गीय मनोज वर्मा की धर्मपत्नी अमृता वर्मा, प्रकाश कुमार सिन्हा, संजय कुमार सिन्हा, श्रीकांत कुमार सिन्हा, अनिकेत कुमार सिंह, रविंद्र सिंह, वरीय अधिवक्ता पंकज कुमार सिन्हा, मंदिर उपाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा समेत मंदिर समिति के अन्य कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे.
