पूर्णिया साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 40 दिनों के भीतर पीड़िता के ठगे गए 15.37 लाख रुपये वापस करा दिए. त्वरित कार्रवाई से अपनी गाढ़ी कमाई वापस मिलने पर पीड़िता के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने पूर्णिया पुलिस का आभार जताया.
दो जून को हुई थी साइबर ठगी
जानकारी के अनुसार, केहाट थाना क्षेत्र के राजाबाड़ी निवासी गुलबाज बानो दो जून को साइबर ठगी का शिकार हो गई थीं. साइबर अपराधियों ने झांसा देकर उनके खाते से 15,37,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली थी. घटना के तुरंत बाद उन्होंने पूर्णिया साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
40 दिनों में वापस मिली पूरी रकम
एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने तत्काल तकनीकी जांच शुरू की. पुलिस ने ठगी से जुड़े बैंक लेन-देन को ट्रैक कर संबंधित खातों को समय रहते फ्रीज करा दिया, जिससे अपराधी राशि की निकासी नहीं कर सके. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी 15,37,000 रुपये की राशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई.
पुलिस की तत्परता की सराहना
राशि वापस मिलने के बाद गुलबाज बानो ने पूर्णिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और कार्यशैली की सराहना की. उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो उनकी पूरी जमा-पूंजी चली जाती.
साइबर अपराध से बचने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें. साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते राशि सुरक्षित कराई जा सके.
और पढ़ें : शिव शिष्यता की जननी राजमणि दीदी नीलम आनंद के 74 वां जन्म दिवस पर वृक्षारोपण कार्यक्रम
