मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फसिया वार्ड संख्या-4 निवासी एवं एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक अब्दुल जलील के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. उनकी पत्नी तामरकेया खातून ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर पति की तलाश करने और मामले की जांच की मांग की है.
आवेदन के अनुसार, अब्दुल जलील मटिया स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करते हैं और प्रतिदिन केंद्र बंद कर शाम को घर लौटते हैं. 22 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे सीएसपी का प्रिंटर खराब हो गया. इसके बाद उन्होंने केंद्र बंद किया और सीएसपी में जमा करीब दो लाख रुपये लेकर आरबीओ पूर्णिया जाने की बात कहकर निकल गए.
रानीपतरा चौक के बाद से नहीं मिला कोई सुराग.
बताया गया है कि विशाल कुमार ततमा की बाइक से वे रानीपतरा चौक पहुंचे, जहां ओवरब्रिज के पास उतरकर रजीगंज रोड की ओर चले गए. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका.
परिजनों के अनुसार, जब एक ग्राहक सीएसपी केंद्र पहुंचा और केंद्र बंद मिला तो परिचितों ने अब्दुल जलील के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले. परिवार के लोगों ने भी लगातार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घर से निकलने से पहले उन्होंने तहसीन रजा को फोन कर आरबीओ पूर्णिया जाने की जानकारी दी थी.
पुलिस ने शुरू की जांच, कई जगह चल रही तलाश.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
पत्नी तामरकेया खातून ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर अपने पति का जल्द पता लगाने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
