मॉनसून की आहट से निगम चौकस, रैन फाइटिंग को ले शुरू की मशक्कत

रैन फाइटिंग को ले शुरू की मशक्कत

मानसूनी मौसम की ‘अग्निपरीक्षा’ में किसी सूरत में फेल होना निगम को मंजूर नहीं

बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों शहरवासियों को बचाने की कवायद हुई तेज

पूर्णिया. मानसून की आहट के साथ नगर निगम चौकस हो गया और रैन फाइटिंग के लिए मशक्कत शुरू कर दी है. समझा जाता है कि मानसूनी मौसम निगम के लिए एक तरह की अग्निपरीक्षा है जिसमें निगम किसी भी किसी भी सूरत में फेल होने को तैयार नहीं. निगम की यह कोशिश अभी से तेज हो गई है कि बारिश का पानी नालों के जरिये निकल जाए और कहीं जलजमाव का संकड उत्पन्न न हो. नगर निगम भारी बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से शहरवासियों को बचाने की कवायद में जुट गया है.दरअसल, शहर के नालों में भरे गाद और गंदगी बारिश के मौसम में जलजमाव की वजह बनती है. नगर निगम ने इसके लिए विशेष अभियान चलाकर सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है. निगम प्रशासन के अनुसार मानसून के दौरान पानी की निकासी बाधित नहीं हो, इसके लिए शहर के मुख्य नालों के साथ-साथ मोहल्लों की छोटी नालियों की सफाई भी सुनिश्चित की जा रही है. कचरे और गाद को हटाने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों और मशीनों को काम पर लगाया गया है. प्रशासन का लक्ष्य है कि पहली बारिश से पहले जल निकासी का मार्ग पूरी तरह क्लीयर हो जाए. इधर, जिन निचले इलाकों में कई कारणों से पानी का प्राकृतिक बहाव धीमा रहता है, वहां के लिए निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखी है. भारी बारिश के कारण यदि किसी मोहल्ले में जलजमाव की स्थिति बनती है तो वहां तत्काल पंप सेट लगाकर पानी की निकासी की जाएगी. इसके अलावा तात्कालिक कच्चे नाले का निर्माण कर जमा पानी का बहाव किया जाएगा. जलजमाव की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीमों का गठन भी किया जा रहा है.

कहती हैं महापौर

आगामी मानसून की बारिश के मौसम को देखते हुए शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की नियमित एवं युद्धस्तर पर सफाई कराने का आदेश दिया गया है ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके. इसके अलावा जलजमाव से निपटने के लिए पंप सेट की व्यवस्था है. जलजमाव से निपटने की लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है.

विभा कुमारी, महापौर पूर्णिया——————–

कहते हैं नगर आयुक्त

शहर के आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील है की नालों में प्लास्टिक और ठोस कचरा नहीं फेकें, ताकि पानी का बहाव जारी रहे. मानसून की बरसात से निपटने के लिए इस बार पुख्ता इंतजाम के कारण शहरवासियों को कम परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. मानसून शुरू होने से पहले सभी नाले की सफाई पूरी कर ली जाएगी.

कुमार मंगलम, नगर आयुक्त पूर्णिया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ARUN KUMAR

ARUN KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >