यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ कर जाम के निदान को ले हो रही प्रशासनिक पहल
शहर में हर रूट के लिए निर्धारित होगा रंग, बेतरतीब परिचालन पर होगा नियंत्रण
पूर्णिया. शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और हर रोज लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है. जिला परिवहन विभाग अब शहर में चलने वाले टेंपू और ई-रिक्शा के लिए ‘कलर कोडिंग’ व्यवस्था लागू करने जा रहा है. इस नई योजना के तहत अब हर रूट के लिए एक विशिष्ट रंग निर्धारित होगा, जिससे न केवल ट्रैफिक सुधरेगा बल्कि अवैध रूप से चल रहे वाहनों की पहचान भी आसान हो जाएगी. शहर की सड़कों पर ई-रिक्शा की संख्या में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार जिले में लगभग 25 हजार से अधिक ई-रिक्शा हैं. यदि सिर्फ शहर की बात करें तो 10 से 15 हजार के बीच टोटो की संख्या है इनमें अधिकांश वाहन बिना रजिस्ट्रेशन के हैं या फिर दूसरे जिलों से आकर यहां परिचालन कर रहे हैं. इससे मुख्य चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है. जिला परिवहन पदाधिकारी शंकर शरण ओमी ने बताया कि शहर को विभिन्न जोन और रूटों में बांटा जाएगा. प्रत्येक निर्धारित रूट के लिए एक खास रंग का बोर्ड या पट्टी तय की जाएगी. यदि लाइन बाजार से बस स्टैंड के लिए ””””लाल”””” रंग तय होगा तो केवल लाल कोड वाले टोटो ही उस रूट पर चलेंगे. इस रूट में दूसरे कलर के टोटो पर प्रतिबंध रहेगा.