कसबा (पूर्णिया). मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिसमें सरकार के पहले 100 दिनों में किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की गयी.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ा कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया. उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों तथा प्रशासनिक उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की.
100 दिनों की उपलब्धियों पर डाला गया प्रकाश
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार के पहले 100 दिनों के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया. साथ ही आने वाले समय में लागू की जाने वाली योजनाओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत की.
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख तरन्नुम जहां, प्रखंड विकास पदाधिकारी मधु कुमारी, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, राजस्व अधिकारी मो. हफीजुर्रहमान, बीस सूत्री सदस्य मो. मुन्ना सहित कई पंचायत समिति सदस्य एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.
विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहरायी.
