भवानीपुर. बीते 11 फरवरी से राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर हैं. वहीं 9 मार्च से अंचल अधिकारी सीओ और राजस्व अधिकारी आरओ भी हड़ताल पर चले गए हैं. इससे सबसे अधिक परेशानी ईडब्ल्यूएस, जाति, निवास और आय प्रमाणपत्र बनवाने आए छात्रों व अभ्यर्थियों को हो रही है. रूपौली प्रखंड अंतर्गत तेलडीहा गांव निवासी अवधेश कुमार मंडल की पत्नी रूपा कुमारी जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए भवानीपुर अंचल कार्यालय पहुंची थीं. उन्होंने बताया कि उनका मायका रघुनाथपुर पंचायत के सिंघियान सुंदर गांव में है. सरकार के नियम के अनुसार जाति प्रमाणपत्र माता-पिता के आधार पर बनता है, लेकिन हड़ताल के कारण उनका काम नहीं हो पाया. वहीं बसंतपुर चिंतामणि उसकावरी पंचायत के सरपंच सुजीत कुमार सिंह तथा रमन कुमार सिंह ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र बनवाने आए थे. उन्होंने बताया कि उन्हें विभाग में आवेदन करना है, जिसके लिए ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र आवश्यकता है. रूपा कुमारी ने बताया कि इस समय प्रखंड में डीलरों की बहाली प्रक्रिया चल रही है, जिसमें आवेदन के लिए जाति प्रमाणपत्र अनिवार्य है. हड़ताल के कारण आवेदन करने में परेशानी हो रही है. इसी तरह छात्रों को भी फॉर्म भरने और अन्य जरूरी कार्यों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. मंगलवार को भी अंचल अधिकारी और राजस्व अधिकारी कार्यालय नहीं पहुंचे, जिससे कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा.
सीओ व आरओ की हड़ताल से प्रमाणपत्र बनवाने आये अभ्यर्थी बैरंग लौटे
भवानीपुर
