प्रतिनिधि, अमौर. प्रखंड मुख्यालय स्थित संसाधन केंद्र बीआरसी भवन के प्रांगण में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं के टॉपरों, नवोदय प्रवेश परीक्षा में सफलता पाने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया. समारोह का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना था.कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बीईओ राजेंद्र कुमार ने किया. समारोह की शुरुआत में धीरज कुमार ने बीईओ का स्वागत किया.इस मौके पर बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और उत्साहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.समारोह के दौरान अलग-अलग विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया. इसमें उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेल्का के छात्र कामरान को इंटर की परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया.उसके बाद जनता उच्च विद्यालय विष्णुपुर के छात्र विवेक कुमार को मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया गया.मध्य विद्यालय पैठान टोली के छात्र अंश कुमार कर्मकार और मध्य विद्यालय रोती बसहा के छात्र सजल कुमार को नवोदय प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल करने पर सम्मानित किया गया. अंश कुमार की इस सफलता पर उनके विद्यालय के प्रधानाध्यापक को भी सम्मानित किया गया.छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों के योगदान को भी सराहा गया .विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक परिवेश और अनुशासन बनाए रखने के लिए बीईओ ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय भवानीपुर के प्रधानाध्यापक मसरूर अहमद को सम्मानित किया.संबोधित करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेंद्र कुमार ने कहा कि अमौर प्रखंड के छात्र सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत से जिला और राज्य स्तर पर नाम रोशन कर रहे हैं. उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करें.इस अवसर पर बीईओ राजेंद्र कुमार के अलावा प्रधानाध्यापक धीरज कुमार, मसरूर अहमद, शमीम अख्तर, शायक आलम, साहेब लाल विश्वास, विजय कुमार, उदय कुमार सहित दर्जनों शिक्षक और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे.
बीआरसी भवन में सम्मान समारोह में मेधावी छात्र व उत्कृष्ट शिक्षक हुए सम्मानित
अमौर
