पूर्णिया और किशनगंज में सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, हाई अलर्ट जारी

Bomb Threat: बिहार में एक बार फिर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली. पूर्णिया और किशनगंज में ई-मेल के जरिए सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलते ही कोर्ट के आस-पास हाई अलर्ट जारी कर दिया गया. साथ ही पूरे कोर्ट परिसर की तलाशी भी ली गई.

Bomb Threat: बिहार के पूर्णिया और किशनगंज में सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. पूर्णिया जिले की बात करें तो, यहां ई-मेल के जरिए धमकी दी गई. इसकी सूचना पर सदर एसडीपीओ-1 ज्योति शंकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस टीम कोर्ट पहुंची. जल्दबाजी में कोर्ट परिसर को खाली कराया गया.

कचहरी परिसर के दुकानों को कराया बंद

जानकारी के मुताबिक, कचहरी रोड पर यातायात बंद करा दिया गया. पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम ने सिविल कोर्ट पहुंचकर कमरों की जांच की. इसके साथ ही कचहरी परिसर के सभी दुकानों को भी बंद करा दिया गया. इससे पहले 13 फरवरी को भी पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी.

किशनगंज सिविल कोर्ट को भी धमकी

दूसरी तरफ किशनगंज सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यहां भी ई-मेल के जरिए कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली. इससे पहले भी दो बार किशनगंज सिविल कोर्ट को धमकी मिली थी, जिसके बाद कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया था.

आज बम की धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और हर आने जाने वालों की सघन तलाशी ली जा रही है. पूरे कोर्ट परिसर की सुरक्षा को बढ़ा दी गई है. मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी कोर्ट पहुंच कर जांच में जुट गए हैं.

मामले में मुख्यालय डीएसपी ने क्या बताया?

मुख्यालय डीएसपी ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है. उन्होंने कहा कि फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा. धमकी किसने और क्यों दी इस सवाल के जवाब में मुख्यालय डीएसपी ने कहा कि वरीय अधिकारी इस मामले में जानकारी देंगे.

Also Read: ‘कल-परसो तक सबकुछ हो जाएगा’, सीएम नीतीश से मिलने के बाद बोले मंत्री जमा खान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >