पूर्णिया के भवानीपुर से रिपोर्ट :
भवानीपुर. प्रखंड मुख्यालय स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर सभागार में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रखंड स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारी, पंचायत सचिव तथा सभी पंचायतों के मुखिया उपस्थित रहे. बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 17 एवं 18 जून को आयोजित होने वाली प्रखंड स्तरीय सहयोग एवं जनकल्याण शिविर की सफल तैयारी और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना था. बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ मनोज कुमार ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से 17 एवं 18 जून को प्रखंड मुख्यालय में विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है. शिविर के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी शिकायतों एवं समस्याओं का समाधान उसी समय करने का प्रयास किया जाएगा. पात्र लाभुकों को योजनाओं से संबंधित आवेदन, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में भी सहायता प्रदान की जाएगी.लोगों को शिविर के संबंध में करें. जागरूक
बीडीओ ने सभी मुखिया, पंचायत सचिव एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को शिविर के संबंध में जागरूक करें. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को शिविर में अपनी समस्या से जुड़े आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण पत्र के साथ आने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जा सके. बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसी भी पात्र व्यक्ति से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसके लिए पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई.
समन्वित रूप से कार्य करने का लिया संकल्प
बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहयोग शिविर को सफल बनाने तथा अधिकाधिक लाभुकों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया. प्रशासन को उम्मीद है कि इस शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान होगा तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो सकेगा. मौके पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी विनय कुमार ,प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी रूपेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रखंड मनरेगा कृषि विभाग के सभी कर्मी मौजूद थे.
