पूर्णिया में कल होगी दारोगा मुख्य लिखित परीक्षा, 7 केंद्रों पर 3751 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; जानें गाइडलाइंस व टाइम टेबल

Bihar Police SI Mains Exam: बिहार पुलिस में दारोगा (सब इंस्पेक्टर) बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए कल का दिन बेहद महत्वपूर्ण है. पूर्णिया सदर अनुमंडल के 7 केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस मुख्य परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, वहीं परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है.

Bihar Police SI Mains Exam: पूर्णिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा गृह विभाग के अंतर्गत पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के 1799 रिक्त पदों पर नियुक्ति हेतु विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत मुख्य लिखित परीक्षा का आयोजन कल यानी 27 मई 2026 (बुधवार) को किया जाएगा. पूर्णिया सदर अनुमंडल के सात चिन्हित परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में कुल 3,751 अभ्यर्थी शामिल होंगे. जिला प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह स्वच्छ, कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपनी कमर कस ली है.

इसको लेकर प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त (DDC) अंजनि कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय के महानंदा सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों की एक संयुक्त ब्रीफिंग बैठक हुई, जिसमें निष्पक्ष परीक्षा संचालन के कड़े निर्देश दिए गए.

दो पालियों में होगी परीक्षा, रिपोर्टिंग टाइम का रखें विशेष ध्यान

दारोगा मुख्य लिखित परीक्षा दो अलग-अलग पालियों में आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों को समय से काफी पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है:

  1. प्रथम पाली (सामान्य हिंदी):
    • परीक्षा का समय: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक.
    • रिपोर्टिंग टाइम: सुबह 08:30 बजे (इसके बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी).
  2. द्वितीय पाली (सामान्य अध्ययन):
    • परीक्षा का समय: दोपहर 02:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक.
    • रिपोर्टिंग टाइम: दोपहर 01:00 बजे.

पूर्णिया के इन 7 परीक्षा केंद्रों पर आवंटित हैं अभ्यर्थी

परीक्षा को सुचारू रूप से चलाने के लिए सदर अनुमंडल में सात केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षार्थियों की संख्या इस प्रकार है:

  • बीबीएम उच्च विद्यालय, भट्ठा बाजार: 600 अभ्यर्थी
  • ब्राइट करियर स्कूल: 576 अभ्यर्थी
  • बिजेंद्र पब्लिक स्कूल, मरंगा: 576 अभ्यर्थी
  • जिला स्कूल, भट्ठा बाजार: 551 अभ्यर्थी
  • जेएलएनएचएस (JLNHS) स्कूल, गुलाबबाग: 504 अभ्यर्थी
  • एसआर डीएवी (SR DAV) स्कूल, चूनापुर रोड: 504 अभ्यर्थी
  • राजकीयकृत उच्च विद्यालय, कचहरी रोड मरियम नगर: 439 अभ्यर्थी

जैमर, बायोमेट्रिक और सघन चेकिंग: इन चीजों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

प्रभारी जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा और सघन जांच की जाएगी.

  • प्रतिबंधित सामग्री: परीक्षा हॉल के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पामटॉप, पीडीए, स्लाइड रूल, क्लिपबोर्ड या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना पूरी तरह वर्जित है.
  • हाई-टेक निगरानी: सभी परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी, सीसीटीवी कैमरे, लाइव फोटोग्राफी और बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट हाजिरी की व्यवस्था की गई है.
  • प्रश्न पत्र पर रोक: परीक्षा समाप्ति के बाद ओएमआर (OMR) शीट के साथ-साथ प्रश्न पत्र भी वापस जमा ले लिए जाएंगे. किसी भी अभ्यर्थी को प्रश्न पत्र बाहर ले जाने की अनुमति नहीं होगी, ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई होगी.

परीक्षा केंद्रों के पास धारा 163 लागू, कंट्रोल रूम एक्टिव

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी 7 परीक्षा केंद्रों की 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी, जिसके तहत अनावश्यक भीड़ लगाने पर पाबंदी होगी.

परीक्षा के सफल संचालन के लिए अपर समाहर्ता रवि राकेश को सहायक संयोजक नियुक्त किया गया है. साथ ही समाहरणालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) को पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है. किसी भी प्रकार की असुविधा या आपातकालीन सूचना के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:

  • 06454-243000
  • 06454-242310
  • 06454-241555

इसे भी पढ़ें: NH 327 पर भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रैक्टर में ट्रक ने मारी टक्कर, मालिक की मौके पर ही मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >