बैसा (पूर्णिया). बिहार राज्य मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयंसेवक संघ से जुड़े स्वयंसेवकों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को प्रखंड मुख्यालय प्रांगण में बैठक आयोजित की. बैठक में नौकरी की सुरक्षा, पुनर्बहाली और सरकारी विभागों में समायोजन सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई. स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री से अपनी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की उम्मीद जताई.
नियमित रोजगार और समायोजन की मांग
सांख्यिकी स्वयंसेवक संघ के प्रखंड अध्यक्ष बीरबल कुमार चौपाल ने बताया कि स्वयंसेवकों की प्रमुख मांग उन्हें नियमित या स्थायी रोजगार उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों की पुनर्बहाली की जाए अथवा उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर विभिन्न सरकारी विभागों में समायोजित किया जाए. उन्होंने बताया कि सांख्यिकी विषय की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों का प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से पंचायत स्तर पर सांख्यिकी स्वयंसेवक के रूप में चयन किया गया था.
तीन साल तक सरकारी कार्यों में दी सेवा
प्रखंड अध्यक्ष के अनुसार सांख्यिकी स्वयंसेवकों को फसल कटाई प्रयोग यानी क्रॉप कटिंग, जन्म-मृत्यु पंजीकरण और आर्थिक जनगणना जैसे सरकारी कार्यों में लगाया गया था. स्वयंसेवकों ने लगभग तीन वर्षों तक इन कार्यों में अपनी सेवाएं दीं. इसके बाद पैनल रद्द कर उन्हें काम से हटा दिया गया, जिससे स्वयंसेवकों के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न हो गया.
समायोजन के आश्वासन पर अब तक नहीं हुई कार्रवाई
संघ के प्रखंड सचिव महादेव प्रसाद ने बताया कि शुरुआत में स्वयंसेवकों को अन्य सरकारी विभागों में समायोजित करने का आश्वासन दिया गया था. लेकिन कई वर्ष बीत जाने के बाद भी इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है.
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में स्वयंसेवक बेरोजगार हैं और उनके परिवारों के सामने आर्थिक परेशानियां बनी हुई हैं.
उम्र बढ़ने से प्रतियोगी परीक्षाओं के अवसर सीमित
महादेव प्रसाद ने बताया कि कई स्वयंसेवकों की उम्र अब बढ़ चुकी है. ऐसे में उनके लिए दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होकर रोजगार हासिल करने के अवसर भी सीमित हो गए हैं. उन्होंने सरकार से स्वयंसेवकों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द ठोस निर्णय लेने की मांग की.
मुख्यमंत्री से मांग पूरी होने की उम्मीद
बैठक में मौजूद स्वयंसेवकों ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री से पूरी उम्मीद है कि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा. स्वयंसेवकों ने नियमित रोजगार, पुनर्बहाली या समायोजन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आग्रह किया.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में सांख्यिकी स्वयंसेवक मो. इमरान, अशोक कुमार सहित अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे.
