गड्ढे में पलटी कलाकारों की कार, सीट बेल्ट ने बचायी जान

सीट बेल्ट ने बचायी जान

पूर्णिया पूर्व. चांदपुर से सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न कर लौट रहे कलाकारों की कार घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण मंगलवार की सुबह परमानंदपुर डेहरी टोला के समीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में पलट गई. इस हादसे में एक महिला कलाकार घायल हुई है, जबकि कार में सवार अन्य तीन लोग सुरक्षित हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चांदपुर से बेलौरी की ओर जा रही थी. सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम थी. तेज गति में होने के कारण चालक वाहन पर से संतुलन खो बैठा और कार सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी. वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. राहत की बात यह रही कि कार सवारों ने सीट बेल्ट लगा रखी थी. जैसे ही गाड़ी पलटी, कार के एयरबैग्स सही समय पर खुल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. बताया जा रहा है कि यदि एयरबैग समय पर न खुलते तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला. घायल महिला कलाकार को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया , जहां उनका उपचार जारी है. कार में सवार सभी चार कलाकार चांदपुर में कार्यक्रम समाप्त कर नेवालाल चौक की ओर लौट रहे थे.दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. बाद में वाहन मालिक ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को गड्ढे से निकलवाया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhishek bhaskar

अभिषेक भास्कर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >