आंध्र प्रदेश से लौटे एक और मजदूर की मौत, जहरीली धूल से जान गंवाने वालों की संख्या हुई 6

पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड में आंध्र प्रदेश से लौटे मजदूरों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. पत्थर की घिसाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों के अभाव में मजदूरों के फेफड़ों में धूल जमने से अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है. इस घटना के बाद ग्रामीणों में ठेकेदार के खिलाफ भारी आक्रोश है.

पूर्णिया: पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड अंतर्गत जियनगंज गांव में आंध्र प्रदेश की एक फैक्ट्री से बीमार होकर लौटे मजदूरों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. पटना के आईजीएमएस में इलाजरत एक और मजदूर की शुक्रवार को मौत हो गई. इसके साथ ही इस मामले में जान गंवाने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. गांव में शोक का माहौल है.

पत्थर घिसाई का काम करते थे मजदूर

जानकारी के अनुसार करीब दो वर्ष पहले जियनगंज और आसपास के गांवों से दर्जनों मजदूरों को गांव के ही एक ठेकेदार के माध्यम से आंध्र प्रदेश भेजा गया था. वहां एक फैक्ट्री में उनसे पत्थर की घिसाई और टैल्कम पाउडर बनाने का काम कराया जाता था. परिजनों का आरोप है कि मजदूरों को बिना मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरणों के काम कराया गया, जिससे पत्थर की महीन धूल उनके फेफड़ों में जमा हो गई.

डेढ़ माह में छह मजदूरों की गई जान

डॉक्टरों के अनुसार फेफड़ों में धूल जमने के कारण मजदूर गंभीर रूप से बीमार हो गए. तबीयत बिगड़ने पर वे गांव लौटे, लेकिन लगातार उनकी मौत होती रही. शुक्रवार को जियनगंज निवासी लालू ऋषि के पुत्र सरवन कुमार ने पटना के आईजीएमएस में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया.

ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद गांव में ठेकेदार के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का आरोप है कि कमीशन के लालच में युवाओं को बिना सुरक्षा वाले कार्यस्थल पर भेजा गया. घटना के बाद से आरोपी ठेकेदार फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

और पढ़ें : प्रखंड मुख्यालय की दुकानों से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई, दो दुकानों पर प्रशासन का शिकंजा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास वर्मा

विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >