Amaur Road Damage: पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने विष्णुपुर पंचायत की महत्वपूर्ण सड़क को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है. मंगलपुर से वार्ड नंबर 10 पश्चिम टोला होते हुए पोठिया घाट जाने वाली सड़क का एक बड़ा हिस्सा बारिश के पानी में बह गया है. सड़क पर बड़ा गड्ढा बन जाने के कारण इस मार्ग से आवागमन प्रभावित हो गया है. इससे मंगलपुर, पोठिया घाट, तारौना, पोठिया, गंगेली सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सड़क का बड़ा हिस्सा बहा, रास्ते में बना गड्ढा
स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क मंगलपुर गांव से वार्ड नंबर 10 पश्चिम टोला होते हुए पोठिया घाट के रास्ते तारौना, पोठिया और गंगेली सहित कई इलाकों को जोड़ती है. लगातार बारिश के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह बह गया. सड़क पर बने बड़े गड्ढे के कारण लोगों के लिए इस रास्ते से आवाजाही करना मुश्किल हो गया है.
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है. सड़क क्षतिग्रस्त होने से रोजमर्रा के काम के लिए आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गयी है.
10 से 15 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा
स्थानीय निवासियों अनिल कुमार विश्वास, अनिरुद्ध विश्वास, मंगलेश विश्वास, नरेश विश्वास, अशोक विश्वास आदि ने बताया कि यदि सड़क का जल्द निर्माण नहीं कराया गया, तो लोगों को अमौर या पूर्णिया जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते का सहारा लेना पड़ेगा. इससे उन्हें करीब 10 से 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी.
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के कारण पहले से ही आवागमन की समस्या बनी हुई है. ऐसे में मुख्य सड़क के क्षतिग्रस्त हो जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है.
Amaur Road Damage: ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग की
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराने और आवागमन बहाल करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़क का निर्माण जल्द नहीं हुआ तो आसपास के गांवों के लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ेगी.
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थल का जायजा लेकर सड़क की स्थिति को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि मंगलपुर, पोठिया घाट, तारौना, पोठिया और गंगेली सहित आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन सामान्य हो सके.
Also Read: बिहार में बाढ़ ने रोकी बिहार के बच्चों की पढ़ाई, कहीं स्कूल डूबे तो कहीं रास्ते बने बाधा
Also Read: बिहार में बाढ़ से 40 लाख से ज्यादा लोग खतरे में, 14 जिलों में स्थिति गंभीर, उफान पर नदियां
