गुरुद्वारे में वाद्ययंत्रों की धुन पर गूंजा रूहानी शबद कीर्तन

हिमाचल के बडू साहिब से पूर्णिया पहुंचा 30 छात्रों का जत्था: गुरुद्वारे में वाद्ययंत्रों की धुन पर गूंजा रूहानी शबद कीर्तन

हिमाचल प्रदेश के अकाल एकेडमी बडू साहिब के 30 छात्र-छात्राओं का दल पूर्णिया पहुंचा. उन्होंने गुरुद्वारे में मधुर वाद्ययंत्रों पर भावपूर्ण शबद कीर्तन प्रस्तुत किया. यह दल आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कारों और सामाजिक सद्भाव का संदेश दे रहा है.

आधुनिक तकनीक व उच्च शिक्षा के साथ-साथ देश की समृद्ध संस्कृति, सनातन मानवीय मूल्यों और सामाजिक-सांप्रदायिक सद्भाव की अलख जगाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश के सिरमौर स्थित प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान अकाल एकेडमी बडू साहिब के विद्यार्थियों का एक विशेष दल पूर्णिया पहुंचा.

लगभग 30 सदस्यीय इस दल में छात्र-छात्राओं के साथ सिख समुदाय के प्रबुद्धजन और एकेडमी के प्रमुख मार्गदर्शक शामिल रहे. पूर्णिया आगमन पर स्थानीय आरएन साव चौक के निकट अवस्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु नानक सत्संग सभा में पूरे जत्थे का फूल-मालाओं और आत्मीय सम्मान के साथ जोरदार स्वागत किया गया.

मधुर वाद्ययंत्रों पर थिरकी उंगलियां, शबद कीर्तन से भावविभोर हुए श्रद्धालु

गुरुद्वारा परिसर में आयोजित विशेष दीवान के दौरान एकेडमी के होनहार विद्यार्थियों ने हारमोनियम, तबला और पारंपरिक तंती साजों की मधुर धुन पर अत्यंत भावपूर्ण शबद कीर्तन प्रस्तुत किया.

विद्यार्थियों के सुरीले और भक्तिमय गायन से पूरा वातावरण गुरबाणी के दिव्य स्वरों से गुंजायमान हो उठा. शबद कीर्तन में उपस्थित संगत ने बच्चों की संगीत साधना, अनुशासन और आध्यात्मिक ज्ञान की मुक्तकंठ से सराहना की.

आधुनिक तकनीक के साथ संस्कारों की मजबूत नींव: सरदार गुरप्रीत सिंह

जत्थे के साथ पहुंचे अकाल एकेडमी के एडमिशन को-ऑर्डिनेटर सरदार गुरप्रीत सिंह ने संस्थान के विजन पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि सिरमौर की वादियों में स्थित एकेडमी में सभी धर्मों, जातियों और वर्गों के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय आधुनिक शिक्षा, विज्ञान और नवीनतम तकनीकों के साथ-साथ भारतीय संस्कार, वैश्विक बंधुत्व, भाईचारा, संगीत और गुरुमत की अनूठी तालीम दी जाती है.

विद्यार्थियों को समय-समय पर देश के विभिन्न हिस्सों में शैक्षणिक व सांस्कृतिक भ्रमण पर ले जाया जाता है, ताकि वे विभिन्न संस्कृतियों से रूबरू हो सकें और समाज में सर्वधर्म समभाव तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश फैला सकें. उन्होंने बताया कि उत्तर बिहार के इस विशेष दौरे में टीम कटिहार का भ्रमण कर पूर्णिया पहुंची है और यहां से फारबिसगंज, त्रिवेणीगंज और किशनगंज में निर्धारित कार्यक्रमों के बाद पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के लिए रवाना होगी.

वर्तमान दौर में सामाजिक सद्भाव की मुहिम सराहनीय: लवली सिंह

गुरुद्वारा गुरु नानक सत्संग सभा प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार दलजीत सिंह बिरदी उर्फ लवली सिंह ने एकेडमी के इस प्रयास को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब समाज में संकीर्णताओं के कारण आपसी दूरियां बढ़ रही हैं, ऐसे समय में युवा पीढ़ी द्वारा विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर प्यार, भाईचारे और सद्भाव का बीज बोना बेहद प्रेरणादायी और देश की सबसे बड़ी जरूरत है.

अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में संगत रही उपस्थित

इस पावन और गरिमामयी अवसर पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सरदार लखविंदर सिंह लक्खा और किशनगंज से पहुंचे सरदार जसपाल सिंह ने भी शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया.

समारोह में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान इंदरजीत सिंह सलूजा, कोषाध्यक्ष मंगलजीत सिंह सोढ़ी, संजीत सिंह, मंजीत सिंह सहित कमेटी के सभी प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय सिख व अन्य समुदाय के गणमान्य महिला-पुरुष उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सत्येन्द्र सिन्हा गोपी

सत्येन्द्र सिन्हा गोपी प्रिंट माध्यम में 25 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. आकाशवाणी एवं दूरदर्शन समाचार से पत्रकारिता की शुरुआत की. नाटक, कला संस्कृति, गीत संगीत, कृषि व मेडिकल क्षेत्र में विशेष अभिरुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >