किसानों को जागरूक कर फार्मर आईडी का लक्ष्य करें पूरा : एसडीओ

अमौर

अमौर. बीडीओ कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को बायसी अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में बैठक में किसानों के लिए अनिवार्य फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया और इसमें आ रही प्रगति की समीक्षा की गयी.बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने प्रखंड के सभी संबंधित फील्ड कर्मियों और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया.उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के लिए फार्मर आईडी एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है.उन्होंने फील्ड कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पंचायत स्तर पर जाकर किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करें और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वही एसडीएम ने सभी कर्मियों को समय सीमा के भीतर निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने का आदेश दिया. साथ ही किसानों को जागरूक करने और उनके फॉर्म भरने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया. पोर्टल या डेटा एंट्री में आ रही समस्याओं को लेकर भी चर्चा की गई और मौके पर ही अधिकारियों को उनके त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए. अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि इस डिजिटल आईडी के बन जाने से किसानों को खाद, बीज, सब्सिडी और अन्य सरकारी योजनाओं के लिए बार-बार कागजात जमा करने की जरूरत नहीं होगी. यह एक पारदर्शी व्यवस्था है जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और लाभ सीधे पात्र किसानों के खाते में जाएगा. इस बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजा राम पंडित, सीओ धीरेन्द्र कुमार, राजस्व अधिकारी कृष्ण मोहन राय, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विश्वनाथ चौधरी सहित सभी फील्ड कर्मी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >