प्रतिनिधि, बीकोठी. फरवरी माह बीतने को है लेकिन प्रखंड क्षेत्र के कुल 88 जनवितरण प्रणाली के डीलरों में से 38 डीलर को खाद्यान्न उपलब्ध ही नहीं करवाया गया है. खाद्यान्न उठाव से वंचित डीलर प्रतिदिन गोदाम का चक्कर लगा रहे हैं. डीलरों ने आरोप लगाया कि गोदाम प्रबंधक हमलोगों का फोन तक रिसीव करना मुनासिब नही समझते हैं. वही अनाज वितरण नहीं कर पाने के कारण उपभोक्ताओं से भी उल्टा सीधा सुनना पड़ रहा है. अनाज उठाव से वंचित डीलरों ने शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी को संयुक्त हस्ताक्षरित आवेदन देकर उचित कारवाई की मांग की. दिये गये आवेदन में डीलरों ने बताया कि प्रखंड के 38 डीलरों को अबतक अनाज नही दिया गया है.गोदाम प्रबंधक मयंक कुमार चौधरी भागलपुर में रहते हैं .डीलरों का फोन भी रिसीव नही कर रहे हैं. महीना बीतने को है, ऐसे में अब फरवरी माह का अनाज वितरण कैसे कर पाएंगे. मौके पर मौजूद डीलर अवधेश कुमार, अमित कुमार,सुशील कुमार सिंह,अनु कुमारी,अनामिका कुमारी, चमरू उरांव आदि ने बताया कि आवेदन की प्रतिलिपि डीएम को भी दी गयी है.वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर गोदाम प्रबंधक मयंक कुमार चौधरी ने बताया कि मैं कल ही लिखित देकर विरमित हो जाऊंगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
