पूर्णिया : ग्रामीण इलाकों के बच्चों और युवाओं को रंगमंच से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से मीरगंज के मोहना टोल स्थित रामनगर प्राथमिक विद्यालय में 15 दिवसीय नाट्य कार्यशाला शुरू हुई. कार्यशाला का आयोजन सांस्कृतिक आंचल संस्था की ओर से किया जा रहा है.
दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यशाला का उद्घाटन
कार्यशाला का उद्घाटन सांस्कृतिक आंचल के अध्यक्ष नवीन कुमार, शकुंतला सेवा सदन के सचिव अवधेश कुमार गुप्ता, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुरारी कुमार झा, वार्ड सदस्य हीरा देवी और वरिष्ठ रंगकर्मी रमाशंकर स्वर्णकार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
इस मौके पर प्रधानाध्यापक मुरारी कुमार झा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन से बच्चों और युवाओं में कला एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ेगी. ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलने से वे रंगमंच से जुड़कर अपनी कला को बेहतर ढंग से निखार सकेंगे.
अभिनय और संवाद-अभिव्यक्ति का मिलेगा प्रशिक्षण
सांस्कृतिक आंचल के अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि कार्यशाला 25 सितंबर तक चलेगी. इस दौरान प्रतिभागियों को रंगमंच के विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा.
कार्यशाला में मुख्य रूप से:
- अभिनय और संवाद-अभिव्यक्ति
- शारीरिक मुद्राएं
- रंगमंचीय अनुशासन
- नाट्य प्रस्तुति
- रंगमंच से जुड़ी अन्य तकनीक
की जानकारी दी जाएगी.
रेणु के ‘महुआ घटवारिन’ का होगा मंचन
कार्यशाला के दौरान प्रसिद्ध साहित्यकार फणीश्वर नाथ रेणु के नाटक ‘महुआ घटवारिन’ के मंचन की तैयारी भी करायी जाएगी. कार्यशाला समाप्त होने के बाद चयनित कलाकारों की ओर से नाटक का मंचन किया जाएगा.
शकुंतला सेवा सदन के सचिव अवधेश कुमार गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण कलाकारों में प्रतिभा की कमी नहीं है. जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है.
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में कार्यशाला के प्रशिक्षक निलेश कुमार के साथ कलाकार धनंजय कुमार शाह, राकेश कुमार, मिथुन कुमार, अंकित कुमार आर्य, मधु कुमारी, नितेश आर्य, पूजा, फरहानुद्दीन सहित अन्य कलाकार और वादक मौजूद रहे.