पूर्णिया : नाला के दुर्गंध से शहर के हाउसिंग कॉलोनी के वाशिंदों का जीना दूभर हो गया है. यहां के लोग खुली हवा में सांस भी नहीं ले पा रहे. आलम यह है कि नाला के दुर्गंध के कारण लोग घरों का खिड़की-दरवाजा हमेशा बंद रखने को विवश हैं. यहां की बड़ी परेशानी है कि बच्चे आये दिन खुले नाला में गिर कर चोटिल हो रहे हैं.
गौरतलब है कि हाउसिंग कॉलोनी नाला के खुला रहने के चलते बदबू काफी आ रही है. शाम होते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है. सुबह में ठंड के चलते सब घर के सामने सड़क किनारे धूप लगाने बैठ जाते हैं लेकिन नाला से निकल रहे बदबू के चलते बैठा नहीं जाता है. कालोनी के गली नम्बर तीन में खुला हुआ नाला है.
नाला का ढक्कन का छह माह पूर्व ही निकाला गया था. ठेकेदार की लापरवाही के चलते आज तक इस पर ढक्कन नहीं लग सका है. नाला भी भगवान भरोसे ही बना है. नाला का लेबल नहीं है. नतीजतन, कॉलोनी के गली नंबर तीन के अधिकांश लोगों के घरों का पानी इसी नाला में बहता है. लोगों का कहना है कि इस नाला का पानी कॉलोनी से गिरजा चौक की ओर नरकटियागंज नाला में नहीं जा पाता है.
नाले की समस्या को लेकर कॉलोनी के लोग अंदर ही अंदर आंदोलन की तैयारी में हैं. कॉलोनी के अशोक सिंह ने बताया कि खुले नाले की वजह से आये दिन छोटे-छोटे बच्चे गिर रहे हैं. जब कोई बड़ी घटना हो जायेगी तभी जिला प्रशासन व निगम की नींद टूटेगी.
स्थानीय लोगों में एल के वर्मा, अरविंद वर्मा, शशि कुमार उर्फ मिठू, राजन रेड्डी, सुमन देवी, सूरज वर्मा, भूपेंद्र मेहता, मंजू देवी, वैभव कुमार, सुप्रिया कुमारी, रौनक कुमार, शनि कुमार, सूरज सिंह, सुमन सिंह आदि ने एक स्वर में कहा कि नाले की बहुत बड़ी समस्या है. लोगों ने कहा कि अगले हफ्ते जिला पदाधिकारी, विधायक, महापौर, उपमहापौर को नाले की समस्या से अवगत कराते हुए एक मांग पत्र सौंपेंगे.
परेशानी का सबब बना है नाले का कचरा
पूर्णिया. शहर के कालीबाड़ी चौक के समीप सड़क पर पड़ा नाला का कचरा शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. भट्ठा बाजार के काली बाड़ी चौक स्थित कॉर्पोरेशन बैंक रोड के किनारे नगर निगम के सफाई कर्मियोंने नाला साफ कर कचरा छोड़ रखा है जिसे कई दिनों से नहीं हटाया जा सका है.
इससे स्थानीय दुकानदारों एवं राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है. ज्ञात हो कि चार- पांच दिन पूर्व में निगम के सफाई कर्मियों ने नाले की सफाई की थी. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मंगलवार से ही सड़क किनारे कचरा पड़ा हुआ है जिससे काफी दुर्गंध निकल रहा है.
आलम यह है कियहां के दुकानदार नाक पर रुमाल रख कर दुकानदारी कर रहे हैं. इसी सड़क में एक अखबार का एजेंसी भी है. एजेंसी में सुबह-सुबह अखबार के हॉकर यहां से अखबार उठाते हैं पर कचरे के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि निगम कर्मियों की लापरवाही के चलते नारकीय स्थिति बनी हुई है. लोगों ने महापौर, उपमहापौर व संबंधित वार्ड पार्षद से नाले की गंदगी को अविलंब उठाने की मांग की है.
