पूर्णिया : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्णिया की धरती से बिहार में चुनाव का बिगुल फूंकते हुए पीएम नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो हर गरीब को मिनिमम इनकम गारंटी देगी. इसके तहत हर नागरिकों को एक निश्चित पैसा दिया जायेगा, ताकि वह गुजर-बसर कर सके. यह योजना गरीबों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लायेगी.
शनिवार को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर देश के बड़े कॉरपोरेट घरानों के चौकीदार होने का आरोप लगाया और कहा कि उनके हितों की रक्षा के लिए देश का चौकीदार गरीबों के खून-पसीने की कमाई को लूट रहा है. चौकीदार गरीबों के घर में नहीं, अमीरों के घरों में दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि अगर वे अमीरों को पैसा देंगे तो हम किसानों और बेरोजगार
युवकों को पैसा देंगे. इसी सोच के तहत देश के गरीबों को उसकी गरीबी और भूख से उबारने के लिए उनकी पार्टी न्यूनतम आय की गारंटी देना चाहती है. राहुल गांधी इससे पहले चूनापुर हवाई अड्डे पर उतरे और वहां से हेलीकाप्टर से रंगभूमि मैदान पहुंचे. इस मौके पर कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह, प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, बिहार विधान मंडल के नेता सदानंद सिंह, पूर्व अध्यक्ष कोकब कादरी, सांसद तारिक अनवर, अररिया सांसद सरफराज आलम, पूर्व सांसद उदय सिंह, जिला अध्यक्ष इंदु सिन्हा समेत प्रमंडल के पार्टी विधायक मौजूद थे.
