Purnia, अरूण कुमार: मोहनपुर थानाक्षेत्र के धोबिनिया बासा से बीते नौ दिन से लापता युवक की हत्या प्रेम प्रसंग में चाकू से गोदकर कर दी गयी. पुलिस ने उसके घर से 3-4 किमी दूर लक्षमिनिया गांव के पास बहियार में गड्ढे में गाड़ी गयी उसकी लाश को शनिवार को बरामद किया.
प्रेम प्रसंग में हुई हत्या: एसडीपीओ
मृतक नवीश कुमार(18) धोबिनिया बासा के लालो यादव का बेटा था. एसडीपीओ संदीप गोल्डी ने घटनास्थल की जांच की. इस संबंध में मोहनपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि प्रेम प्रसंग में हत्या हुई है. आगे की जांच पुलिस कर रही है. शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है. आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है.
गांव के ही युवक पर लगा हत्या का आरोप
जानकारी के अनुसार, बीते 12 नवंबर को गांव का ही युवक साजन कुमार शाम 7 बजे घर पर आया था. वह मृतक नवीश को अपने साथ लेकर घर से निकल गया. दोनों पैदल ही निकले थे. हालांकि बाद में नवीश अपने घर नहीं लौटा, जबकि साजन अपने घर लौट आया था. जब काफी खोजबीन के बाद भी नवीश नहीं मिला तो अगले दिन परिजनों ने साजन से उसके बारे में पता करने की कोशिश की. हालांकि , साजन ने नवीश के बारे में कुछ भी पता होने से साफ इनकार कर दिया. आखिरकार मृतक नवीश के पिता लालो यादव ने 17 नवंबर को मोहनपुर थाना को आवेदन देकर नवीश के गायब होने की जानकारी दी. इसके बाद साजन से सख्ती से पूछताछ, मोबाइल टावर डंपिंग और वैज्ञानिक अनुसंधान में पुलिस के समक्ष घटनाक्रम का खुलासा हुआ. इसके बाद निशानदेही पर लक्षमिनिया गांव के पास बहियार में पुलिस ने खुदाई करायी जिसमें मृतक नवीश का शव बरामद हुआ.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पुलिस ने परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए मनाया
शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और हंगामे की स्थिति बन गयी. हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम से शव के आने के बाद एक बार फिर हंगामे की नौबत आयी. पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए मना लिया.
इसे भी पढ़ें: Samrat Chaudhary: गृहमंत्री होने के बावजूद अफसरों के “चौधरी” नहीं होंगे सम्राट! CM नीतीश ने चला ऐसा दांव
