बिहार के 4 जिलों की चमकेगी किस्मत, खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, नया ग्रीनफील्ड बाईपास भी बनेगा

Purnea Khagaria Four Lane: केंद्र सरकार ने बिहार में एनएच-31 और एनएच-231 के खगड़िया-पूर्णिया खंड को 3936.05 करोड़ की लागत से फोरलेन बनाने की मंजूरी दी है. इस प्रोजेक्ट के तहत पूर्णिया में 6.72 किलोमीटर लंबा नया ग्रीनफील्ड बाईपास भी बनाया जाएगा.

Purnea Khagaria Four Lane: केंद्र सरकार ने नेशनल हाईवे 31 और एनएच 231 के खगड़िया से पूर्णिया रूट को फोरलेन में अपग्रेड करने की मंजूरी दी है. इस हाईवे प्रोजेक्ट के तहत पूर्णिया शहर में 6.72 किलोमीटर लंबा एक नया ग्रीनफील्ड बाईपास भी बनाया जाएगा. यह नया बाईपास पूर्णिया और डगरूआ के बीच के इलाके में तैयार किया जाएगा.

बाईपास बनने से पूर्णिया शहर के लोगों को हर रोज लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से निजात मिल जाएगी. फोरलेन बनने के बाद खगड़िया से पूर्णिया के बीच का सफर 3.5 घंटे से घटकर महज 2 घंटे का रह जाएगा. इस नए हाईवे को क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और पूर्णिया एयरपोर्ट से भी सीधे लिंक किया जाएगा.

3936 करोड़ की लागत से बीओटी मोड में बनेगी सड़क

केंद्रीय कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति ने खगड़िया-पूर्णिया खंड को फोरलेन में बदलने की मंजूरी दी है. इस प्रस्तावित नए हाईवे की कुल लंबाई 143.529 किलोमीटर होने वाली है. सड़क का निर्माण कार्य पूरी तरह टोल-आधारित यानी बीओटी मोड में किया जाएगा.

इस पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को बनाने में सरकार की तरफ से 3936.05 करोड़ खर्च किए जाएंगे. इस अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट से पूर्णिया, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार जिलों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा. इस रूट के बनने से वाहन चालकों को जर्जर सड़कों, तीखे मोड़ों और जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी.

ईंधन की बचत और पीएम गति-शक्ति केंद्रों से जुड़ाव

इस परियोजना के शुरू होने से वाहनों की औसत स्पीड बढ़ेगी और यात्रा का समय दो घंटे कम हो जाएगा. बेहतर सड़क से सड़क सुरक्षा मजबूत होगी, गाड़ियों का ईंधन बचेगा और मेंटेनेंस लागत में कमी आएगी. यह कॉरिडोर 5 पीएम गति-शक्ति आर्थिक केंद्रों जैसे कपड़ा क्लस्टर, मेगा फूड पार्क और सीफूड पार्क को जोड़ेगा. यह मार्ग 11 लॉजिस्टिक केंद्रों, चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों और पूर्णिया हवाई अड्डे से भी सीधे लिंक होगा. हाईवे चार राष्ट्रीय राजमार्गों और दो स्टेट हाईवे से भी जुड़ेगा, जिससे माल और यात्रियों की आवाजाही तेज होगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

सीमांचल और कोसी क्षेत्र की बढ़ेगी कनेक्टिविटी

इस फोरलेन सड़क के निर्माण से बिहार के पूरे सीमांचल इलाके को व्यापार में बहुत बड़ा लाभ मिलेगा. पूर्णिया में इस हाईवे का सीधा जुड़ाव एनएच 27 और एनएच 107 से भी किया जाएगा. इस इंटर-लिंकिंग से सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों का पूर्वोत्तर राज्यों में आना-जाना आसान हो जाएगा. यह नया पथ आगे चलकर पटना-रांची पथ से भी जुड़ेगा, जिससे दक्षिण बिहार तक पहुंच सुगम हो जाएगी. इससे खगड़िया से लेकर नेपाल तक के यात्रियों को पूर्णिया एयरपोर्ट आने-जाने के लिए सीधा मार्ग मिलेगा. भविष्य में बनने वाले पूर्णिया-पटना ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से भी इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

इसे भी पढ़ें: बिहार में बालू घाट चलाने वालों के लिए नया नियम, ज्यादा खनन करने वालों से सरकार वसूलेगी अलग रकम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >