Prashant Kishor: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर को बिहार विधानसभा की पर्यटन उद्योग संबंधी समिति का सदस्य बनाया गया है. विधानसभा सचिवालय ने इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी है.
प्रशांत किशोर को चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की शेष अवधि के लिए समिति में शामिल किया गया है. इस वित्तीय वर्ष में अब करीब सात महीने की अवधि बची है. उनके शामिल होने के बाद समिति में सदस्यों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है.
जदयू विधायक मनोरंजन सिंह हैं सभापति
पर्यटन उद्योग संबंधी समिति की अध्यक्षता जदयू विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह कर रहे हैं. प्रशांत किशोर अब समिति में उनके साथ पर्यटन क्षेत्र से जुड़े मामलों की समीक्षा करेंगे. विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के बाद समिति में प्रशांत किशोर की नई जिम्मेदारी तय हो गई है.
समिति में कौन-कौन हैं सदस्य?
पर्यटन उद्योग संबंधी समिति में कुल 10 सदस्य हैं. इनमें शामिल हैं.
- मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह- सभापति
- सुनील कुमार पिंटू
- अनिल सिंह
- वीरेंद्र कुमार
- संजय सिंह
- वशिष्ठ सिंह
- रामानंद मंडल
- बबलू कुमार
- गौतम कृष्ण
- प्रशांत किशोर
क्या काम करती है पर्यटन उद्योग समिति?
बिहार विधानसभा की पर्यटन उद्योग संबंधी समिति का काम राज्य के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े मामलों की समीक्षा करना है. समिति पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रही योजनाओं और कामकाज पर भी नजर रखती है. इसके अलावा पर्यटन से जुड़े उद्योगों और संबंधित विभागों के कामकाज की समीक्षा भी समिति करती है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पर्यटन को बेहतर बनाने के लिए देती है सुझाव
समिति सिर्फ सरकारी कामकाज की समीक्षा तक सीमित नहीं रहती. पर्यटन क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक सुझाव भी दिए जाते हैं. समिति जरूरत के अनुसार अपनी रिपोर्ट तैयार करती है. इसके बाद यह प्रतिवेदन विधानसभा में पेश किया जाता है.
प्रशांत किशोर के समिति में शामिल होने से अब पर्यटन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर उनकी भूमिका भी अहम होगी. बिहार में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए समिति के सामने राज्य के पर्यटन स्थलों, पर्यटन उद्योग और उससे जुड़े विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण विषय रहेंगे.
