999 रुपये देकर लगाएं सोलर पैनल, पांच साल में आसान किस्त से चुकाएं पैसा, जानें पूरी योजना

PM Surya Ghar Scheme: बिहार में घर की छत पर सोलर पैनल लगवाना अब आसान हो गया है. टाटा पावर ने 999 रुपये से सोलर पैनल लगाने की नई योजना शुरू की है. इसमें पूरी रकम एक साथ देने की जरूरत नहीं होगी. आसान किस्त की सुविधा मिलेगी.

PM Surya Ghar Scheme: बिहार में घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए अब एक साथ बड़ी रकम देने की जरूरत नहीं है. टाटा पावर ने बिहार में घर घर योजना शुरू की है. इसके तहत घरेलू बिजली उपभोक्ता सिर्फ 999 रुपये देकर घर पर सोलर पैनल लगवा सकते हैं. बाकी रकम आसान मासिक किस्त में चुकानी होगी.

इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को पूरी रकम की मदद किस्त के जरिए दी जाएगी. सोलर पैनल लगवाने के बाद 60 महीने यानी पांच साल तक हर महीने किस्त देनी होगी. एक किलोवाट के सोलर पैनल के लिए सब्सिडी के बाद हर महीने 932 रुपये की किस्त रखी गई है. शुरुआत में 999 रुपये देने होंगे.

तीन किलोवाट के सोलर पर 2907 रुपये महीना

अगर कोई परिवार तीन किलोवाट का सोलर पैनल लगवाता है, तो उसे हर महीने 2907 रुपये की किस्त देनी होगी. इस योजना में एक किलोवाट से लेकर 10 किलोवाट तक का सोलर पैनल लगवाने की सुविधा दी गई है.

टाटा पावर ने गुरुवार को पटना के एक होटल में बिहार के लिए घर घर सोलर योजना की शुरुआत की. इस मौके पर कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रवीर सिन्हा ने बताया कि अगले तीन साल में बिहार के 5 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. टाटा पावर इससे पहले उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी यह योजना शुरू कर चुकी है.

सोलर पैनल पर केंद्र और बिहार सरकार दे रही सब्सिडी

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत केंद्र सरकार भी घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए आर्थिक मदद दे रही है. एक किलोवाट के सोलर पैनल की अनुमानित कीमत 60 से 75 हजार रुपये के बीच आती है. केंद्र सरकार एक किलोवाट पर 30 हजार रुपये तक की मदद देती है.

इसके अलावा बिहार सरकार की ओर से भी 10 हजार रुपये की मदद दी जा रही है. इस तरह एक किलोवाट का सोलर पैनल लगवाने पर आम उपभोक्ता को करीब 20 से 35 हजार रुपये अपनी जेब से खर्च करने पड़ सकते हैं. सोलर पैनल की क्षमता बढ़ने के साथ कुल खर्च भी बढ़ जाता है.

घर में बिजली के उपकरण देखकर तय करें कितने किलोवाट का सोलर चाहिए

घर में कितने बिजली के उपकरण चलते हैं, इसी हिसाब से सोलर पैनल की क्षमता तय करनी चाहिए. एक किलोवाट का सोलर पैनल आम तौर पर 2 से 3 पंखे, 4 से 5 एलईडी बल्ब, एक टीवी और मोबाइल या लैपटॉप का चार्जर चलाने में मदद कर सकता है.

अगर घर में पंखे और बल्ब ज्यादा हैं और साथ में छोटा पानी का पंप या कूलर भी चलता है, तो कम से कम दो किलोवाट का सोलर पैनल लगवाना बेहतर रहेगा.

फ्रिज और एसी वाले घर के लिए तीन किलोवाट का सोलर

अगर घर में फ्रिज, मिक्सर, पानी की मोटर और एक टन तक का बिजली से चलने वाला एसी है, तो कम से कम तीन किलोवाट का सोलर पैनल लगवाना चाहिए. मध्यम आय वाले परिवारों के लिए तीन किलोवाट का सोलर पैनल उपयोगी हो सकता है.

तीन किलोवाट के सोलर पैनल पर अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है. इसके अलावा करीब 55 से 80 हजार रुपये तक का खर्च आ सकता है. यह खर्च बिजली के सरकारी जाल से जुड़े सोलर पैनल के लिए है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

गरीब परिवारों के घर पर मुफ्त लगेगा सोलर

बिहार सरकार गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के घरों पर मुफ्त सोलर पैनल भी लगा रही है. ऐसे परिवारों की छत पर 1.1 केवीए क्षमता का सोलर पैनल पूरी तरह मुफ्त लगाया जाता है. इसका पूरा खर्च सरकार उठाती है.

दूसरे आम बिजली उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार की ओर से अधिकतम 78 हजार रुपये और बिहार सरकार की ओर से अधिकतम 20 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है. कितनी मदद मिलेगी, यह सोलर पैनल की क्षमता और योजना की पात्रता पर निर्भर करेगा.

इसे भी पढ़ें: बिहार में अगले 72 घंटे तक जारी रहेगा भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का दौर, IMD का डबल अलर्ट



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >