Patna News : खगौल में शनिवार की देर रात थाना क्षेत्र के लेखानगर स्थित हरि कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट से युवक का संदिग्ध स्थिति में शव मिलने से इलाके में चर्चा फैल गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान सोनपुर निवासी उज्जवल उर्फ टुनटुन के रूप में हुई है.
चार दिन पहले फुआ के घर आया था युवक
परिजनों के अनुसार, उज्जवल पिछले आठ माह से नशामुक्ति केंद्र में भर्ती था. करीब एक सप्ताह पहले वह केंद्र से घर आया था. चार दिन पहले वह लेखानगर स्थित हरि कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नंबर 502 में रहने वाली अपनी फुआ के यहां आया था.
तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत
परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद उसकी मौत हो गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक का शव मिला.
मां ने जतायी हत्या की आशंका
मृतक की मां मेनका देवी ने आशंका जतायी है कि किसी ने उसके बेटे की हत्या की है. हालांकि, पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर स्थित अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है. परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच-पड़ताल कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
