सितंबर से शुरू होगा काम, यार्ड में खड़ी होंगी 114 बसें

बैरिया स्थित पाटलिपुत्र अंतरराज्यीय बस स्टैंड अब नये और आधुनिक रूप में नजर आयेगा.

संवाददाता, पटनाबैरिया स्थित पाटलिपुत्र अंतरराज्यीय बस स्टैंड अब नये और आधुनिक रूप में नजर आयेगा. यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से सितंबर माह से इसके कायाकल्प का कार्य प्रारंभ होने जा रहा है. लगभग पांच एकड़ में फैले इस नये परिसर में अत्याधुनिक बस टर्मिनल का निर्माण किया जायेगा. यह सुविधाजनक यात्रा के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को भी सुलभ बनायेगा.परियोजना के तहत चिह्नित भूमि पर एक बड़ा बस यार्ड तैयार किया जायेगा, जहां एक साथ 114 बसें खड़ी की जा सकेंगी. इसका नाम ‘आर्ट ऑफ फ्यूल स्टेशन’ रखा गया है. इससे सड़कों पर बसें खड़ी करने की समस्या समाप्त हो जायेगी.

300 मीटर लंबी फोरलेन से होगा सुगम यातायात

वर्तमान बस स्टैंड का विस्तार करते हुए इसे बादशाही नाला तक फैलाया जायेगा, जिससे बसों की आवाजाही के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा. बादशाही नाले पर एक 300 मीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण भी होगा. इससे न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि नाले में पानी का बहाव भी आसान हो जायेगा. अभी यह कच्चा नाला है, जिससे कई स्थानों पर पानी ओवरफ्लो कर जाता है. बिहार शहरी अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) और नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा इस परियोजना की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.

पेट्रोल पंप, शौचालय, बेबी केयर सेंटर सहित कई सुविधाएं

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नये परिसर में तीन हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में एक आधुनिक पेट्रोल पंप भी बनाया जायेगा, जिससे बसों में ईंधन भरवाना आसान होगा. इसके अलावा यात्रियों के लिए तीन स्थानों पर शौचालय, एक बेबी केयर सेंटर और स्वच्छ पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध होगी. परिसर में 15 मीटर चौड़ी सड़कें और पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है, जिससे 24 घंटे बसों का संचालन संभव हो सकेगा.

दुकानों और यात्री सुविधाओं से सुसज्जित होगा टर्मिनल

बस टर्मिनल परिसर में 100 वर्गमीटर क्षेत्रफल की पांच दुकानें भी बनायी जायेंगी, जहां यात्री अपनी जरूरत का सामान खरीद सकेंगे. खास बात यह है कि नया अंतरराज्यीय बस अड्डा पूरी तरह से शेड से ढका होगा, जिससे गर्मी और बारिश में यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी. अब तक सड़कों पर खड़ी बसों के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या रहती थी, लेकिन नये टर्मिनल के निर्माण से इस समस्या से पूरी तरह निजात मिल जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumar prabhat

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >