Patna Suspicious Death: पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के हल्दी छपरा पुराना टोला गांव में संदिग्ध अवस्था में एक महिला की मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद मनेर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल दानापुर भेज दिया. घटना के बाद मृतका के मायके और परिवार में कोहराम मच गया. एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की.
घर से बरामद हुआ महिला का शव
मृतका की पहचान हल्दी छपरा पुराना टोला गांव निवासी सूरज कुमार उर्फ मिट्ठू की पत्नी आरती देवी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि आरती देवी की अचानक संदिग्ध अवस्था में मौत होने की सूचना मनेर पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही मनेर थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल दानापुर भेज दिया.
पति समेत ससुराल वाले घर से फरार
घटना के बाद मृतका के पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग घर से फरार मिले. घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे. महिला की मौत की खबर सुनकर परिजनों में चीख-पुकार मच गयी.
एफएसएल टीम ने मौके पर की जांच
घटना की सूचना के बाद एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के तीन बच्चे हैं. हालांकि, पुलिस ने मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
मनेर थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि संदिग्ध अवस्था में महिला का शव उसके घर से बरामद किया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का कारण स्पष्ट हो पायेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई में जुटी है.
