नौबतपुर में कुरियर कंपनी की महिला कर्मचारी को मारी गई तीन गोलियां, गंभीर हालत में एम्स रेफर

नौबतपुर के चिरौरा के पास एनएच-139 नहर रोड पर बाइक से जा रही एक महिला को अज्ञात अपराधियों ने पीछे से तीन गोलियां मार दीं. घायल महिला को नौबतपुर रेफरल अस्पताल से पटना एम्स रेफर किया गया है. पुलिस जांच में जुटी है.

Patna Crime: नौबतपुर थाना क्षेत्र के चिरौरा के पास एनएच-139 नहर रोड पर बाइक से जा रही एक महिला को अज्ञात अपराधियों ने पीछे से गोली मार दी. गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए नौबतपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया. महिला के पीठ में तीन गोलियां लगने की बात सामने आई है.

समस्तीपुर की रहने वाली है घायल महिला

घायल महिला की पहचान पूजा कुमारी (29) के रूप में हुई है. वह समस्तीपुर की रहने वाली है और उसके पिता का नाम बिंदेश्वरी प्रसाद बताया गया है. जानकारी के अनुसार पूजा कुमारी नौबतपुर के बिक्रम मोड़ के पास किराये के मकान में रहती है और एक कुरियर कंपनी में कार्यरत है. बताया जाता है कि वह बाइक से कहीं जा रही थी. इसी दौरान चिरौरा के पास एनएच-139 नहर रोड पर पीछे से आए अज्ञात अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने के बाद महिला सड़क पर गिर गई.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना एम्स रेफर कर दिया.

घटनास्थल से दो खोखे बरामद

घटना की सूचना मिलने के बाद नौबतपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. महिला को गोली किसने और क्यों मारी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला को गोली लगी है और घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं. पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sumit kumar naubatpur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >