Menace of pigs in Danapur : दानापुर दियारा क्षेत्र में बाढ़ के बीच जंगली सूअर का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. पिछले तीन दिनों में जंगली सूअर के हमले में आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो चुकी है, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. लगातार हो रहे हमलों से बाढ़ प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल है. ग्रामीण रात में जागकर रहने को मजबूर हैं.
बच्ची की मौत के बाद बढ़ी दहशत
शनिवार को हेतनपुर गांव में जंगली सूअर ने संजय राय की आठ वर्षीय पुत्री राधा कुमारी पर हमला कर दिया था. हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई. इसके अलावा पुरानी पानापुर निवासी सुनील कुमार भी जंगली सूअर के हमले में घायल हुए थे.
इससे पहले शुक्रवार को पुरानी पानापुर गांव में अजीत की पत्नी सुनीता देवी और एक युवक पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया था. रविवार को गंगाहरा गांव में पूनम देवी और खातून बीवी को जंगली सूअर ने घायल कर दिया. वहीं, मानस पंचायत में भी रविवार सुबह एक युवक पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया गया.
तीन पंचायतों में फैला जंगली सूअरों आतंक
दानापुर सीओ दिलीप गुप्ता ने बताया कि जंगली सूअर ने पुरानी पानापुर, हेतनपुर, गंगाहरा और मानस समेत दियारा क्षेत्र के कई इलाकों में लोगों पर हमला किया है. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन से समन्वय कर जंगली सूअर को पकड़ने के लिए रेस्क्यू टीम बुलाई गई है. अंचल कर्मियों को भी टीम के साथ मौके पर भेजा जा रहा है.
चिड़ियाघर की टीम जाल लेकर पहुंची
जंगली सूअर को पकड़ने के लिए पटना चिड़ियाघर से करीब सात से आठ सदस्यों की रेस्क्यू टीम दियारा पहुंची है. टीम के पशु चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार टोनी ने बताया कि मानस पंचायत में हमले की सूचना के बाद टीम वहां के लिए रवाना हो रही है. गंगा में पानी का स्तर काफी अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में चुनौती आ सकती है. टीम जाल समेत अन्य उपकरणों की मदद से जंगली सूअर को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास करेगी.
बाढ़ के कारण रेस्क्यू में भी परेशानी
दियारा क्षेत्र पूरी तरह बाढ़ के पानी से जलमग्न है. रेस्क्यू टीम को मौके तक पहुंचने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बताया गया कि प्रखंड प्रमुख के पति कन्हैया राय एसडीआरएफ टीम के साथ घंटों तक बाढ़ प्रभावित गांवों का जायजा लेते रहे. इस कारण जंगली सूअर को पकड़ने जा रही रेस्क्यू टीम को नासरीगंज घाट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा.
