पटना सिटी. मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के मंशा राम अखाड़ा मुहल्ले में पति ने पत्नी और बेटी को चाकू मार जख्मी कर दिया है. जख्मी मां-बेटी को उपचार के लिए परिजनों ने एनएमसीएच में भर्ती कराया है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. जख्मी 35 वर्षीय महिला रंजू देवी और भाई किशोर कुमार ने बताया कि पति से चल रहे विवाद के दौरान न्यायालय के आदेश पर बीते दो मई को पति संजय पंडित अपने घर मंशा राम अखाड़ा मुहल्ले में लेकर आया. रविवार की रात पति दिनेश, जय प्रकाश, मोहन समेत अन्य बाहरी लोगों को लेकर आया और जान मारने की मंशा से पत्नी रंजू को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह घर से बाहर नहीं आयी, तो पति ने पत्नी पर चाकू से प्रहार कर जख्मी कर दिया. इसी बीच बचाव में आयी 14 वर्षीय बेटी लाडो उर्फ रिया रानी को भी चाकू मार जख्मी कर दिया. रंजू की बड़ी बेटी सृष्टी रानी मुजफ्फरपुर में रहकर पढ़ाई करती है. बिहटा के कोहिया टोला निवासी जख्मी महिला ने बताया कि डॉटा ऑपरेटर का कार्य करने वाले पति संजय पंडित से वर्ष 2005 में शादी हुई थी. वो चश्मा का दुकान भी चलता है. भाई ने बताया कि पूर्व में भी एक केस महिला थाना में दर्ज है. जिसमें पत्नी ने दर्ज कराया था. इसमें पति पर दूसरी महिला से प्रेम प्रसंग और विरोध करने पर मारपीट व प्रताड़ित करने का आरोप है. थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान पर जानलेवा हमला के आरोपी पति संजय को गिरफ्तार किया गया है. घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार पति से मामले में पूछताछ की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
